विश्व जनसंख्या दिवस पर निकली जनजागरुकता रैली, 18 जुलाई तक चलेंगे विभिन्न कार्यक्रम

आगरा। विश्व जनसंख्या दिवस (11 जुलाई) के अवसर पर गुरुवार को आगरा में परिवार नियोजन और स्वास्थ्य जागरुकता को लेकर एक जागरुकता रैली निकाली गई। रैली की शुरुआत मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने सीएमओ कार्यालय से आवास विकास सेक्टर-12 के लिए हरी झंडी दिखाकर की। इस रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं व आमजन को मातृत्व की सही उम्र और स्वास्थ्य संबंधी विषयों को लेकर संवेदनशील बनाना था।

Jul 11, 2025 - 19:18
 0
विश्व जनसंख्या दिवस पर निकली जनजागरुकता रैली, 18 जुलाई तक चलेंगे विभिन्न कार्यक्रम
विश्व जनसंख्या दिवस पर शुक्रवार को आगरा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निकाली गई रैली की एक झलक।

रैली के दौरान ‘मां बनने की उम्र वही, जब तन और मन सही’, ‘छोटा परिवार, खुशहाल परिवार’ जैसे नारों के माध्यम से जनमानस को परिवार नियोजन अपनाने और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरुक किया गया। रैली में स्वास्थ्य विभाग, एएनएम प्रशिक्षण केंद्र की 80 एलएचवी और 66 छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में 11 से 18 जुलाई तक विश्व जनसंख्या सप्ताह के अंतर्गत विविध गतिविधियां चलाई जाएंगी। इसमें जागरुकता अभियान, सेवा प्रदायगी अभियान, सास-बेटा-बहू सम्मेलन, और सारथी वाहन के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

स्वास्थ्य लाभ और साधनों की जानकारी

सीएमओ ने बताया कि विवाह के बाद पहला बच्चा कम से कम दो वर्ष बाद होना चाहिए और बच्चों में कम से कम तीन साल का अंतर रखना चाहिए। इससे माँ-बच्चे दोनों की सेहत पर सकारात्मक असर पड़ता है। परिवार पूरा होने पर नसबंदी (महिला या पुरुष) जैसी स्थायी विधि अपनाने की सलाह दी गई।
वहीं, अस्थायी साधनों में कॉपर-टी, अंतरा इंजेक्शन, छाया गोली जैसी सुविधाएं स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा, “पुरुष नसबंदी महिला की तुलना में अधिक सरल और सुरक्षित प्रक्रिया है, पुरुषों को भी इसमें भागीदारी निभानी चाहिए।”

सामूहिक भागीदारी से बढ़ेगा असर

परिवार नियोजन के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति ने जानकारी दी कि इस अभियान में पंचायती राज संस्थाएं, महिला एवं बाल विकास विभाग, शहरी स्थानीय निकाय, स्वयं सहायता समूह और ग्रामीण स्वास्थ्य कार्यकर्ता भाग लेंगे।
सारथी वाहन गांव-शहर में भ्रमण कर परिवार नियोजन के साधनों की जानकारी देंगे। ब्लॉक स्तर पर सेवा प्रदायगी अभियान चलाया जाएगा, जिसमें प्रसव पश्चात आईयूसीडी, अंतराल आईयूसीडी, अंतरा इंजेक्शन, महिला और पुरुष नसबंदी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

रैली में इनकी रही भागेदारी

इस रैली में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार, डॉ. नंदन सिंह, डॉ. पियूष जैन, मलेरिया अधिकारी राजेश गुप्ता, डीपीएम कुलदीप भारद्वाज, डॉ. सलोनी, एनएचएम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, एएनएम प्रशिक्षण केंद्र की प्रशिक्षिकाएं और छात्राएं भी शामिल रहीं।

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor