अयोध्या में भगवान राम के स्वागत की तैयारियां पूरी
अयोध्या। भगवान राम के स्वागत के लिए अयोध्या सज-धजकर तैयार हो गई है। सड़कों पर जगह-जगह झांकियां हैं। कलाकार नृत्य कर रहे हैं। मराठी आर्टिस्ट ने सड़क पर शिवाजी का झंडा लहराया। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह पहला दीपोत्सव है। आयोजन को खास बनाने के लिए खुद सीएम योगी अयोध्या में रहेंगे।
देशभर से भक्त अपने भगवान का स्वागत करने के लिए अयोध्या पहुंच चुके हैं। पूरा माहौल राम मय हो चुका है। राम मंदिर में खास रंगोली बनाई गई, जिसमें रंग नहीं, बल्कि फूलों का इस्तेमाल हुआ है। तोरण द्वार बने हैं।
दूसरी तरफ 28 लाख दीयों को एक साथ जलाने का रिकॉर्ड बनाने की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 55 घाट पर दीये बिछे हुए हैं। 30 अक्टूबर की शाम को तेल-बाती लगाने का काम पूरा होगा। इसके बाद दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। भव्य आयोजन के 8वीं बार गवाह बनने के लिए सीएम योगी 30 अक्टूबर की दोपहर 2.20 बजे रामकथा पार्क पहुंचेंगे।
महापौर गिरीशपति तिवारी की पत्नी राजलक्ष्मी ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह पहला दीपोत्सव है। यह नया कीर्तिमान बनने जा रहा है। 1600 अर्चक मां सरयू की आरती करेंगे। अयोध्या के साकेत महाविद्यालय से झांकियां निकल रहीं हैं। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह से हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना करेंगे। झांकी से दर्शकों को रामायण के सात कांडों को दर्शाया गया।