मुंबई में बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या

मुंबई। एनसीपी (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की आज रात मुंबई में उनके ही बेटे के दफ्तर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारों ने उन्हें तीन गोलियां मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

Oct 12, 2024 - 23:23
 0
मुंबई में बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या

बाबा सिद्दीकी महाराष्ट्र में एनसीपी के बड़े नेताओं में गिने जाते थे। वह 1999 2004 और 2009 में विधायक भी चुने गए थे। उनका राजनीतिक जीवन ज्यादातर कांग्रेस में बीता, लेकिन कुछ महीने पहले ही वे कांग्रेस छोड़कर एनसीपी में शामिल हुए थे। कांग्रेस सरकार में वे मंत्री भी रहे थे। वे म्हाडा के अध्यक्ष भी रहे।

बाबा सिद्दीकी का बेटा इस समय बांद्रा ईस्ट से विधायक है। बांद्रा ईस्ट इलाके में ही उनके विधायक बेटे का दफ्तर है जहां आज रात सिद्दीकी गए हुए थे। वहीं पर बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने बेहद नजदीक से उन पर गोलियां चलाईं। 

गोलियां लगने के बाद बाबा सिद्दीकी को तत्काल लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिली है कि 15 दिन पूर्व बाबा सिद्दीकी को धमकी मिली थी, जिसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने उनकी सुरक्षा बढाकर बाई कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की थी। सुरक्षा बढ़ाने के बावजूद हत्यारे अपने मकसद में कामयाब हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इनमें एक आरोपी यूपी और दूसरा हरियाणा का है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि बाबा सिद्दीकी की हत्या क्यों की गई।

 माना जा रहा है कि यूपी और हरियाणा से भाड़े के हत्यारे बुलाकर उनकी हत्या कराई गई। बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद महाराष्ट्र के दूसरे उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। इधर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने महाराष्ट्र की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

SP_Singh AURGURU Editor