टाइम मैनेजमेंट और योग से ही बनेगा बैलेंस: सीए महिला सेमिनार में मिला तनावमुक्त जीवन का मंत्र
आगरा। कामकाजी महिलाओं को प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ के बीच बेहतर संतुलन बनाने और तनाव से उबरने के टिप्स देने के लिए द इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया की आगरा शाखा ने दयालबाग स्थित खेलगांव में एक विशेष महिला सेमिनार का आयोजन किया। यह आयोजन संस्थान के 77वें सीए स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सीए गौरव सिंघल (अध्यक्ष), सीए अंकित मित्तल (सचिव), कोषाध्यक्ष करन पंजवानी, साक्षी विवेक जैन और सिकासा अध्यक्ष आयुष गोयल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य वक्ता ममता रैल्ली ने कहा कि महिलाओं को चाहिए कि वे समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें। ऑफिस और घर दोनों की जिम्मेदारियों के बीच तालमेल बैठाना बेहद जरूरी है। परिवार के सदस्यों के साथ कार्यों का विभाजन करें, बच्चों को समय दें और दिनचर्या में मेडिटेशन और योग को शामिल करें, ताकि मानसिक शांति बनी रहे।
वक्ता दिव्या प्रेमगुल ने सलाह दी कि काम को ऑफिस तक सीमित रखें। घर लौटने के बाद ईमेल, मीटिंग और कॉल्स से दूरी बनाकर अपने प्रियजनों को समय देना रिश्तों की मजबूती के लिए ज़रूरी है। ऑफिस की टेंशन को घर न लाएं, यह घरेलू वातावरण को भी तनावपूर्ण बना सकता है।
कार्यक्रम को आनंददायक बनाने के लिए महिलाओं के लिए कैटवॉक और ठहाकों से भरपूर इंटरएक्टिव सेगमेंट रखा गया, जिससे वे तनावमुक्त महसूस कर सकें।
सेमिनार से पहले बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभाशाली बच्चों ने अपने रंगों से रचनात्मकता दिखाई।
कार्यक्रम का संचालन पूनम अग्रवाल, साक्षी जैन, मंजरी अग्रवाल और प्रियंका गुप्ता ने किया। उपस्थित प्रमुख महिलाओं में संध्या शर्मा, अमिता गर्ग, दीपिका मित्तल, अलका वर्मा, प्रार्थना जालान, शिल्पी अग्रवाल, दीप्ति सिंह आदि शामिल थीं।