रक्षाबंधन पर बटेश्वर में मामा के घर गया था बल्केश्वर का करन, यमुना में डूबकर मौत

आगरा। बल्केश्वर निवासी एक किशोर की बटेश्वर में यमुना नदी में डूबने से मौत हो गई। परिजनों और दोस्तों के भरसक प्रयास के बावजूद वह तेज बहाव में बह गया। गोताखोरों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

Aug 11, 2025 - 19:59
 0
रक्षाबंधन पर बटेश्वर में मामा के घर गया था बल्केश्वर का करन, यमुना में डूबकर मौत
बटेश्वर में यमुना में डूबे आगरा के किशोर के शव को निकालते गोताखोर।

मामा के घर आया था करन

आगरा के बल्केश्वर निवासी आनंद गोस्वामी का 14 वर्षीय पुत्र करन रक्षाबंधन पर अपने मामा गौरीशंकर गोस्वामी के घर बटेश्वर आया हुआ था। सोमवार सुबह करीब 10 बजे वह रानीघाट पर परिजनों और दोस्तों के साथ नहा रहा था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसने बचाने के लिए शोर मचाया, लेकिन साथी चाहकर भी मदद नहीं कर सके।

गोताखोरों ने चलाया रेस्क्यू अभियान

सूचना मिलते ही बटेश्वर पुलिस चौकी प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की। एक घंटे बाद करन को पानी से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

परिवार में कोहराम

मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मामा-मामी और अन्य सदस्य दहाड़ें मारकर रोने लगे। आगरा से भी परिजन बटेश्वर पहुंच गए और सभी का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

SP_Singh AURGURU Editor