बरेली में बांग्लादेशी जालसाज धरा, फर्जी पते से आधार, वोटर आईडी और पैन बनवा रखे थे
-आरके सिंह- बरेली। थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने गुरुवार को एक ऐसे बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार कर लिया, जो अपनी असली पहचान छुपाकर कई वर्षों से भारत में अवैध रूप से रह रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू उर्फ राज मंडल (30 वर्ष), पुत्र सतेन्द्र मंडल, निवासी सुंदर महाल, बारारिया बतिया गाटा, जिला खुलना, ढाका (बांग्लादेश) के रूप में हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तर) मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 419/420/467/468/471 भादवि, धारा 14A व 14B विदेशी अधिनियम 1946 तथा धारा 35 आधार अधिनियम 2016 के तहत मामला दर्ज है।
पुलिस पूछताछ में राजू ने स्वीकार किया कि वह वर्ष 2017 में वीजा लेकर भारत आया था, लेकिन 2018 में वीजा समाप्त होने के बाद दोबारा वैध वीजा नहीं बन पाया। इसके बाद वह अवैध रूप से चोरी-छिपे भारत लौट आया और दिल्ली में फर्जी पते पर आधार कार्ड, वोटर आईडी और पैन कार्ड जैसे दस्तावेज़ बनवा लिए। इन्हीं नकली पहचान पत्रों के सहारे वह 2018 से भारत में रह रहा था।
राजू ने वर्ष 2021 में ग्राम बल्लिया, थाना फतेहगंज पश्चिमी (बरेली) में किराए पर कमरा लेकर डॉक्टर की दुकान खोल ली और लोगों को ठगकर फर्जी दस्तावेज़ भी तैयार कराने लगा। पुलिस ने उसके पास से आधार कार्ड संख्या 545189710196, वोटर आईडी संख्या TCE3167038 और पैन कार्ड संख्या GKEPM3570H बरामद किए हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अभिषेक कुमार, उपनिरीक्षक अशोक कुमार पटेल, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल नैपाल सिंह एवं कांस्टेबल जितेंद्र कुमार शामिल रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने टीम की सराहना की है।