ब्रिक्स में हिस्सा लेने नहीं आ रहे बांग्लादेशी पीएम तारिक,   हाई कमिश्नर ने बताई मजबूरी,  शेख हसीना के प्रत्यर्पण के कारण फंसा मामला

बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान ने अपने मुल्क के लिए बेहतर मौके को ठुकराकर भी ब्रिक्स समिट से दूरी क्यों बनाई, इसपर भारत में बांग्लादेश के हाई कमिश्नर रियाज हमीदुल्लाह ने उनकी मजबूरियां बताई हैं।

Sep 10, 2026 - 18:38
 0
ब्रिक्स में हिस्सा लेने नहीं आ रहे बांग्लादेशी पीएम तारिक,   हाई कमिश्नर ने बताई मजबूरी,  शेख हसीना के प्रत्यर्पण के कारण फंसा मामला

नई दिल्ली। भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हमीदुल्लाह ने वह मजबूरियां बताई हैं, जिसकी वजह से बांग्लादेशी प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली नहीं आने का फैसला किया। उनके मुताबिक कुछ ऐसी परिस्थितियां रहीं, जिसकी वजह से भारत नहीं आने का फैसला लिया गया।

बांग्लादेश इस समय बिमस्टेक की अध्यक्षता भी कर रहा है, इस वजह से ही भारत ने बांग्लादेशी पीएम तारिक रहमान को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली आने का बुलावा भेजा था। लेकिन, इंडिया टुडे के ब्रिक्स राउंडटेबल कार्यक्रम में बांग्लादेश के हाई कमिश्नर रिजाज हमीदुल्लाह ने बताया कि कुछ ऐसी परिस्थितियां रहीं, जिसकी वजह से यह फैसला लेना पड़ा।

जब बांग्लादेशी उच्चायुक्त से यह पूछा गया कि क्या रहमान को शिखर सम्मेलन में शामिल करने को लेकर राजनियक चर्चा करना मुश्किल था तो उन्होंने हल्के अंदाज में सिर्फ इतना कहा, 'इसलिए राजनयिकों को बहुत ही विचित्र जीव समझा जाता है।'

दरअसल, कहा जा रहा है कि भारत में शरण लेकर रह रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वजह से बांग्लादेश की राजनीति उलझी हुई है। तारिक रहमान की बीएनपी सरकार पर जमात-ए-इस्लामी का शेख हसीना का प्रत्यर्पण सुनिश्चित करने का दबाव है।

ऐसे में शेख हसीना के भारत में रहते अगर तारिक रहमान दिल्ली आते तो इससे कट्टरपंथी ताकतें उन्हें राजनीतिक तौर पर घेरने का कोई मौका नहीं छोड़तीं और यही वो कमजोर कड़ी है, जिसकी वजह से उन्हें बिमस्टेक की अध्यक्षता के बावजूद ब्रिक्स शिखर सम्मेलन जैसा मौका गंवाना पड़ा है।