चार साल बाद पटरी पर लौटेगी बरेली–बांदीकुई पैसेंजर, मेहंदीपुर बालाजी यात्रियों को राहत; बरेली को मिली अमृत भारत एक्सप्रेस की बड़ी सौगात
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। कोरोना काल में बंद की गई बरेली–बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन एक बार फिर यात्रियों की सुविधा के लिए शुरू होने जा रही है। रेलवे बोर्ड ने ट्रेन के पुनः संचालन को मंजूरी दे दी है। यह पैसेंजर ट्रेन 30 जनवरी 2026 से बरेली जंक्शन से बांदीकुई के लिए चलाई जाएगी। इसके साथ ही बरेली को अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात भी मिली है, जिससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
यह जानकारी रविवार को बरेली जंक्शन पर आयोजित पत्रकार वार्ता में बरेली के सांसद छत्रपाल गंगवार ने दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2020–21 में कोरोना महामारी के दौरान कई यात्री ट्रेनों के साथ बरेली–बांदीकुई पैसेंजर को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। यह ट्रेन मार्ग के सभी छोटे-बड़े स्टेशनों पर ठहराव करती थी, जिससे दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बड़ा लाभ मिलता था। लंबे समय से इसकी पुनः शुरुआत की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है। जल्द ही ट्रेन की समय-सारणी भी जारी की जाएगी।
सांसद गंगवार ने कहा कि इस ट्रेन के पुनः संचालन से मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन के लिए जाने वाले बरेली और आसपास के श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलेगी। यह ट्रेन पहले की तरह चंदौसी और अलीगढ़ मार्ग से होते हुए सभी प्रमुख एवं छोटे स्टेशनों पर रुकेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि आगामी लोकसभा सत्र में वे रेल मंत्री से पत्रकारों को रेल किराये में मिलने वाली छूट को बहाल करने की मांग उठाएंगे, जिसे कोरोना काल में स्थगित कर दिया गया था।
अमृत भारत एक्सप्रेस की सौगात
नए वर्ष में बरेली को अमृत भारत एक्सप्रेस का भी लाभ मिलने जा रहा है। गाड़ी संख्या 13065 अमृत भारत एक्सप्रेस 22 जनवरी 2026 से प्रत्येक गुरुवार को हावड़ा से चलकर शुक्रवार रात बरेली पहुंचेगी, जबकि गाड़ी संख्या 13066 24 जनवरी 2026 से निर्धारित दिनों में बरेली से रवाना होगी। इससे बरेली का सीधा संपर्क हावड़ा, आनंद विहार टर्मिनल सहित कई प्रमुख शहरों से और मजबूत होगा।
पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद ने बताया कि बरेली और सीबीगंज स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज, समपार फाटकों पर अंडरपास और आरओबी निर्माण, प्लेटफॉर्म विस्तार तथा नए फ्लाईओवर जैसे कई विकास कार्य प्रस्तावित और प्रगति पर हैं। इन परियोजनाओं से रेल और सड़क यातायात दोनों में सुधार होगा।
सीनियर सीएमआई सैयद इमरान चिस्ती ने कहा कि रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए लगातार प्रयासरत है और छोटी-बड़ी सभी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। वहीं सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर, मुरादाबाद, आदित्य गुप्ता ने रेल मंत्रालय द्वारा बरेली में कराए जा रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी और पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए। स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बरेली जंक्शन की व्यवस्थाओं और यात्रियों को दी जा रही सुविधाओं पर प्रकाश डाला।