बरेली में पत्नी की हत्या करने वाले पति की प्रेमिका तीन बच्चों की मां निकली, गिरफ्तार
-आरके सिंह- बरेली। प्रेम की अंधी दौड़ में इंसान क्या से क्या कर सकता है, इसका सनसनीखेज उदाहरण सामने आया है बरेली के आंवला थाना क्षेत्र से। जहां पत्नी की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी ओमसरन के बाद उसकी प्रेमिका मन्नत सैनी उर्फ मन्नत दीप उर्फ निधि को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती में इस मामले को लूट के लिए हत्या का रूप देने की कोशिश हुई थी, लेकिन जब पुलिस ने तह में जाकर जांच की तो पूरा सच सामने आ गया।
-प्रेम में अंधे ओमसरन से प्रेमिका मन्नत ने कहा था- मुझे साथ रखना है तो पत्नी के कहने पर ही पत्नी अमरावती की जान ली थी
प्रेमिका के कहने पर ही पत्नी को मारा
पुलिस के अनुसार, ओमसरन की प्रेमिका मन्नत ने उस पर दबाव बनाया कि यदि साथ रहना है तो पत्नी को रास्ते से हटाना होगा। प्रेम में पागल ओमसरन ने उसकी बात मान ली और बुधवार देर रात बरेली-बदायूं सीमा पर ग्राम कंथरी के पास पत्नी अमरवती की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी।
हत्या के बाद ओमसरन ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कहानी रची कि बाइक सवार बदमाशों ने रास्ता रोका, पत्नी से कुंडल, मंगलसूत्र और नकदी लूट ली और विरोध करने पर हमला कर दिया। अमरावती की मौत इलाज के दौरान हो गई।
पुलिस ने किया खुलासा
अपर पुलिस अधीक्षक अंशिका वर्मा ने बताया कि पूछताछ के दौरान ओमसरन की कहानी में विरोधाभास मिला। गहन पूछताछ में उसने सच्चाई उगल दी कि हत्या उसने प्रेमिका मन्नत के कहने पर की थी। मन्नत, जो पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों की मां है, अपने पति से अलग होकर बरेली के करगैना क्षेत्र में किराए पर रह रही थी।
उसने ही ओमसरन से कहा था कि अगर उसे रखना है तो पत्नी को छोड़ना होगा। जब ओमसरन इस पर टालमटोल करने लगा, तो मन्नत ने दबाव बढ़ा दिया। अंततः उसने अपनी पत्नी की जान ले ली।
गिरफ्तारी और कबूलनामा
शुक्रवार सुबह पुलिस ने करगैना में स्थित मन्नत के किराए के मकान पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मन्नत ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए कहा कि उसे डर था कि ओमसरन भी उसे छोड़ देगा, इसलिए वह अमरावती को रास्ते से हटवाना चाहती थी।
पुलिस के अनुसार, मन्नत का आपराधिक इतिहास पहले नहीं रहा है, लेकिन अब उस पर हत्या की साजिश रचने का गंभीर मुकदमा दर्ज किया गया है। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
मन्नत को गिरफ्तार करने में उपनिरीक्षक कैलाश चंद्र, कांस्टेबल हसीब, कांस्टेबल कपिल और महिला कांस्टेबल दयावती की अहम भूमिका रही। इससे पहले ओमसरन को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।