बरेली में मुस्लिम सहेलियों ने नाबालिग छात्रा को घर बुलाकर बेहोश किया और भाई के हवाले कर दिया, आरोपी ने दुष्कर्म का वीडियो भी बनाया, आरोपी अनस गिरफ्तार जबकि उसकी दो बहनें और मां-बाप फरार
बरेली जिले में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां 10वीं की एक नाबालिग छात्रा को उसी की सहोलियों ने सुनियोजित साजिश के तहत नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म का शिकार बनवाया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं।
-रमेश कुमार सिंह-
बरेली। जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में 10वीं की नाबालिग छात्रा कल्पना (काल्पनिक नाम) के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि विद्यालय में साथ पढ़ने वाली उसकी मुस्लिम सहेलियों ने उसे बहाने से अपने घर बुलाया, नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया और फिर अपने भाई अनस (22 वर्ष) के हवाले कर दिया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी अनस ने उसके साथ दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो भी बना लिया। आरोपितों ने छात्रा को धमकी दी कि अगर उसने किसी को कुछ बताया तो वीडियो वायरल कर दिया जाएगा और जान से मार दिया जाएगा।
घटना शनिवार की है, जब छात्रा अपने छोटे भाई के साथ स्कूल के वार्षिकोत्सव में शामिल होने गई थी। कार्यक्रम के बाद छोटा भाई घर लौट आया, लेकिन छात्रा नहीं लौटी। तलाश करने पर परिजनों को पता चला कि उसकी सहेलियां उसे अपने गांव ले गई थीं। शाम को सहेलियों के परिजन छात्रा को नशे की हालत में उसके घर छोड़ गए। तब पीड़िता ने पूरी आपबीती अपने स्वजनों को बताई।
पीड़िता के पिता उत्तराखंड में नौकरी करते हैं, जबकि वह अपनी मां के साथ गांव में रहती है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अनस, उसकी नाबालिग बहनों और माता-पिता के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म, धमकी और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने सोमवार को मुख्य आरोपी अनस को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं उसकी दोनों नाबालिग बहनें और माता-पिता फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है और उसके कपड़े सील कर दिए गए हैं।
क्षेत्राधिकारी आशुतोष शिवम् ने बताया कि गांव में स्थिति शांत है और कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है, फिर भी एहतियात के तौर पर पुलिस की कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।