सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी पर बरेली पुलिस का बड़ा एक्शन: 47 हुड़दंगियों की धरपकड़

बरेली। बहेड़ी थाने की पुलिस ने शुक्रवार को सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वाले 47 व्यक्तियों को पकड़कर कार्रवाई की। महिलाओं व आम लोगों के लिए असुरक्षित माहौल बनाने वाले इन असामाजिक तत्वों पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए जमानत बॉन्ड भरवाए और कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया।

Dec 5, 2025 - 22:58
 0
सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी पर बरेली पुलिस का बड़ा एक्शन: 47 हुड़दंगियों की धरपकड़
बरेली की बहेड़ी थाना पुलिस द्वारा शराबखोरी में पकड़े गये लोग।

प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार ने बताया कि बहेड़ी पुलिस की मिशन शक्ति टीम द्वारा क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं-बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना और सार्वजनिक स्थानों पर असामाजिक गतिविधियों को रोकना था।

चेकिंग के दौरान पुलिस ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन के आसपास, बाजार, और सड़क किनारे स्थित विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की, जहां कुल 47 लोग शराब पीते हुए पकड़े गए। इनमें से कई लोग अश्लील हरकतें कर रहे थे और माहौल खराब कर रहे थे।

सभी 47 आरोपियों के विरुद्ध धारा-34 पुलिस अधिनियम में विधिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने उनसे शांति भंग होने की आशंका के मद्देनज़र बन्ध पत्र (जमानत बॉण्ड) भरवाए और भविष्य में ऐसी हरकतें न दोहराने की सख्त चेतावनी दी। इसके बाद सभी को छोड़ दिया गया।

SP_Singh AURGURU Editor