बरेली में तौकीर रज़ा के खास नफ़ीस का ‘रज़ा पैलेस’ जमींदोज़, सैलानी मार्केट पर भी चला हथौड़ा

-आरके सिंह- बरेली। बीते 26 सितंबर के बवाल के बाद बरेली प्रशासन उपद्रवियों और मौलाना तौकीर रज़ा के करीबियों पर लगातार शिकंजा कस रहा है। शनिवार को इसी कड़ी में तौकीर रजा के बेहद करीबी डॉ. नफ़ीस के जखीरा स्थित बारातघर ‘रज़ा पैलेस’ पर बुलडोज़र चल गया। बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष मणिकंदन ए. के निर्देश पर तीन बुलडोज़रों ने बरातघर को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई से पहले इलाके की बिजली काट दी गई थी और भारी पुलिस बल व पीएसी की मौजूदगी में पूरे क्षेत्र की घेराबंदी भी की गई थी। इसी दौरान पुराने शहर के सैलानी इलाके में 15 दुकानों का अतिक्रमण हटाकर प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि अब किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

Oct 4, 2025 - 18:33
 0
बरेली में तौकीर रज़ा के खास नफ़ीस का ‘रज़ा पैलेस’ जमींदोज़, सैलानी मार्केट पर भी चला हथौड़ा
बरेली में मौलाना तौकीर रजा के बरातघर रजा पैलेस को तोड़ते बरेली विकास प्राधिकरण के बुलडोजर।

सुबह से बढ़ी हलचल, दोपहर तक गिरा दिया गया रज़ा पैलेस

शनिवार सुबह से ही शहर में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई थी। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देश पर पुलिस, प्रशासन और बीडीए की टीम अलसुबह ही मौके पर पहुंच गई। सबसे पहले इलाके की बिजली सप्लाई काटी गई, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। एसपी सिटी मानुष पारीक के नेतृत्व में पुलिस और पीएसी ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। दोपहर को तीन बुलडोज़रों का काफिला रज़ा पैलेस पहुंचा और मुख्य गेट तोड़कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हुई।

नेम प्लेट ने चौंकाया, पीसीएस अधिकारी का नाम आया सामने

कार्रवाई के दौरान जब बीडीए अफसरों ने दीवार पर लगी नेम प्लेट देखी तो सभी चौंक गए। नेम प्लेट पर लिखा था – ‘मुतवल्ली शोएब बेग पुत्र स्व. अथहर बेग (पूर्व PCS अधिकारी)’। तत्काल दस्तावेज़ों की जांच कराई गई। पता चला कि इस संपत्ति को लेकर स्वामित्व व उपयोग विवादित स्थिति में है। बीडीए उपाध्यक्ष मणिकंदन ए. ने साफ कहा- निर्माण पूरी तरह अवैध था, कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है। किसी व्यक्ति विशेष को टारगेट नहीं किया गया।

पहले मार्केट सील, अब बारातघर भी गिरा

डॉ. नफ़ीस और उनके बेटे को बरेली बवाल के बाद जेल भेजा जा चुका है। इज्जतनगर क्षेत्र स्थित उनकी मार्केट पहले ही सील कर दी गई थी। अब उनके बरातघर ‘रज़ा पैलेस’ को बुलडोज़र से ढहा दिया गया। प्रशासन का कहना है कि डॉ. नफ़ीस और उनके करीबियों की कई और संपत्तियों की जांच की जा रही है, जहां अवैध निर्माण की आशंका है।

सैलानी में 15 दुकानों का अतिक्रमण हटाया

इसी बीच पुराने शहर के सैलानी इलाके में नगर निगम ने 15 दुकानों पर बुलडोज़र चलाया। दुकानदारों द्वारा आगे बढ़ाए गए अवैध हिस्सों को तोड़ा गया। जब टीम मौके पर पहुँची तो दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई और शटर गिराने की होड़ लग गई। प्रशासन ने साफ किया कि यह कार्रवाई केवल अतिक्रमण हटाने को लेकर है और किसी भी तरह की अवैध बढ़ोतरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

SP_Singh AURGURU Editor