बरेली उपद्रव मामला: मौलाना तौकीर रज़ा के खिलाफ दसवीं चार्जशीट दाखिल, इसमें एक नाबालिग समेत 38 और लोग शामिल किये गये

-रमेश कुमार सिंह बरेली। बरेली शहर में 26 सितंबर को हुए उपद्रव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रज़ा समेत 38 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। शुक्रवार को यह चार्जशीट मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रस्तुत की गई। आरोपियों में एक बाल अपचारी भी शामिल है, जबकि दो आरोपी शाहजहांपुर जनपद के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोप है कि उपद्रव के दौरान सिर तन से जुदा के नारे लगाते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर पुलिस टीम पर हमला किया गया।

Dec 27, 2025 - 22:55
 0
बरेली उपद्रव मामला: मौलाना तौकीर रज़ा के खिलाफ दसवीं चार्जशीट दाखिल, इसमें एक नाबालिग समेत 38 और लोग शामिल किये गये
मौलाना तौकीर रजा।

एसपी सिटी मानुष पारीक ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि 26 सितंबर को हुए उपद्रव से जुड़े कुल 10 प्रमुख मामलों में अब तक चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं। बारादरी थाना क्षेत्र के एक मामले में मौलाना तौकीर रज़ा खां, मोहम्मद आज़म, फरहत खान, मोईन खान, उमेद, मुस्तकीम, अरवाज, नाजिम रज़ा खां, मोहसिन, शाकिब, रफीक, जैनुल, तौहीन, फैसल, मोबीन, सुबहान, ताजिम, अरशद, शमशाद, इदरीश (शाहजहांपुर), इकबाल (शाहजहांपुर), शान उर्फ अब्दुल रहमान, मोहम्मद नदीम, रिजवान, अमान, नदीम, अफज़ाल बेग, नफीस, फरहान रज़ा खां, मुनीर इदरीशी, सफीले अहमद, आरिफ, अनीस सकलैनी, मोईन, फैजुल नबी, कलीम खां और मोबीन के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है।

एसपी सिटी ने बताया कि उपद्रव के संबंध में थाना बारादरी, कोतवाली, प्रेमनगर, किला और कैंट थानों में कुल 10 मामले दर्ज किए गए थे। बाद में दो और मुकदमे दर्ज हुए। पुलिस अब तक मुख्य 10 मामलों में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है, जिनमें 100 से अधिक आरोपी नामजद हैं। वर्तमान में 87 आरोपी जेल में निरुद्ध हैं, जबकि दो मामलों की विवेचना अभी जारी है।

पुलिस के अनुसार, इंस्पेक्टर थाना बारादरी धनंजय पांडेय ने मौलाना तौकीर रज़ा समेत 29 नामजद और 200 से 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया था कि 26 सितंबर को शहर भ्रमण के दौरान सूचना मिली कि शाहदाना रोड पर अराजक तत्वों ने चौकी प्रभारी की टीम पर हमला कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया है। आरोप है कि मौलाना तौकीर रज़ा के आह्वान पर भीड़ सिर तन से जुदा के नारे लगाते हुए इस्लामिया मैदान की ओर बढ़ने का प्रयास कर रही थी।

सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय पुलिस बल के साथ श्यामगंज पुल के पास पहुंचे, जहां मौलाना आज़ाद इंटर कॉलेज की ओर से आ रहे नामजदों समेत 200-250 अज्ञात लोगों ने नारेबाजी करते हुए पुलिस टीम पर दोबारा हमला कर दिया। मामले की जांच क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर संजय धीर को सौंपी गई थी। उन्होंने विवेचना पूर्ण कर शुक्रवार को 38 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। जांच के दौरान नौ अन्य नाम भी सामने आए, जिन्हें भी चार्जशीट में शामिल किया गया है।

SP_Singh AURGURU Editor