भगवा वर्दी में कांवड़ लेकर निकली बरेली ट्रैफिक पुलिस, शिवभक्ति संग दिया यातायात नियमों का संदेश
-आरके सिंह- बरेली। श्रावण मास में जहां शिवभक्त कांवड़ लेकर गंगाजल भरने में लीन हैं, वहीं बरेली की ट्रैफिक पुलिस ने इस बार एक मिसाल कायम की। खाकीधारी पुलिसकर्मी भगवा वस्त्र पहनकर श्रद्धा और सेवा भाव के साथ कांवड़ यात्रा पर निकले। बदायूं के कछला घाट से गंगाजल लेकर बरेली के सातों नाथ मंदिरों में जलाभिषेक करते हुए पुलिसकर्मियों ने न सिर्फ भगवान शिव की आराधना की, बल्कि पूरे रास्ते यातायात नियमों का पालन करते हुए आमजन को संदेश भी दिया कि श्रद्धा के साथ जिम्मेदारी भी निभाई जाए।
– श्रद्धा, सेवा और सुरक्षा का अद्भुत संगम; लापरवाही पर चौकी इंचार्ज निलंबित
इस विशेष कांवड़ यात्रा में ट्रैफिक विभाग के एसआई विनीत कुमार, जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल पूजा, प्रियंका, अंजना, रितेश भाटी और रमन शामिल रहे। भगवा परिधान और जयकारों से गूंजती इस यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
रामगंगा चौकी के पास थाना सुभाषनगर के निरीक्षक जितेंद्र सिंह, एसआई प्रांश सावन, मुख्य आरक्षी ओम शरण यादव, कपिल कुमार, मोहम्मद असलम और गायत्री पांडेय सहित कई पुलिसकर्मियों ने ‘हर हर महादेव’ के उद्घोष के साथ सभी का अभिनंदन किया।
यह दृश्य न सिर्फ आस्था का, बल्कि पुलिस की संवेदनशीलता और जनसेवा भाव का परिचायक बना। आम नागरिकों के बीच भी इस पहल की काफी सराहना की गई।
इधर, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने कांवड़ रूट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चौकी इंचार्ज रविन्द्र सिंह राणा को ड्यूटी के दौरान गैरहाजिर पाया गया, जो चौकी के भीतर आराम करते मिले। इस लापरवाही पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया और अन्य सभी थाना व चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे श्रावण मास के दौरान निरंतर क्षेत्र में भ्रमणशील रहें।