शिकायतों के निस्तारण में बरेली परिक्षेत्र पुलिस फिर नंबर वन

बरेली। बरेली परिक्षेत्र में पुलिसकर्मियों की कार्यशैली में सुधार और प्रतिस्पर्धा लाने के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने 'बेस्ट एम्प्लॉई ऑफ द मंथ' योजना शुरू की है। इस योजना के तहत, हर महीने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारी, सिपाही, दरोगा और इंस्पेक्टर को सम्मानित किया जाएगा।

Feb 6, 2025 - 11:56
 0
शिकायतों के निस्तारण में बरेली परिक्षेत्र पुलिस फिर नंबर वन
सम्मानित किए गए चौकीदारों के साथ बरेली के एसएसपी।

-एसएसपी ने शुरू की बेस्ट एम्प्लाई ऒफ द मंथ योजना, 80 पुलिसकर्मियों और 23 चौकीदारों को किया सम्मानित

बरेली के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि जन शिकायतों के निस्तारण में बरेली पुलिस परिक्षेत्र को प्रदेश में लगातार छठवीं वार प्रथम स्थान मिला है। इस उपलब्धि के लिए परिक्षेत्र कार्यालय में कार्यरत आईजीआरएस कर्मी उप निरीक्षक शालू, कम्प्यूटर ऑपरेटर अमरेंद्र कुमार और आरक्षी सलिल सक्सेना को नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस बल का मनोबल बनाए रखना बेहद जरूरी है। सम्मान उन पुलिसकर्मियों के लिए है, जो निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता से अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। इस पहल से अन्य पुलिसकर्मियों को भी प्रेरणा मिलेगी कि वे भी अपने कार्य को पूरी लगन और समर्पण के साथ करें।

इस योजना का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों की मेहनत को पहचान दिलाना और उन्हें बेहतर सेवा देने के लिए प्रेरित करना है। इससे पुलिसकर्मियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे वे कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनता की सेवा में अधिक तत्पर रहेंगे।

एसएसपी कार्यालय में श्रेष्ठ 80 पुलिस कर्मियों और 23 चौकीदारों को प्रशस्ति दिए गए। कार्यक्रम में बरेली पुलिस लाइन, यातायात पुलिस, विभिन्न थानों और इकाइयों में तैनात पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।

SP_Singh AURGURU Editor