आगरा में बरेली की नारकोटिक्स टीम का छापा, नशीली दवाओं का जखीरा बरामद, दो कारोबारी हिरासत में
आगरा। नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ बरेली की सेंट्रल नारकोटिक्स टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आगरा के दो दवा कारोबारियों को हिरासत में लिया है। टीम ने .यमुना पार इलाके में छापा मारकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं जब्त कीं, जिनका इस्तेमाल नशे के लिए किया जाता है।
सूत्रों के अनुसार, बरेली में कुछ दिन पहले पकड़ी गई नशीली दवाओं की खेप के तार आगरा से जुड़े पाए गए थे। इसी आधार पर टीम ने यहां छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बेलनगंज निवासी गौरव अग्रवाल और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। इन दोनों के पास से कोडेक्स सिरप और एटीवैन टेबलेट की भारी खेप बरामद की गई, जिन्हें ऑटो में छुपाकर ले जाया जा रहा था।
नारकोटिक्स टीम की सूचना पर ड्रग विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और ऑटो को सीज कर लिया गया है। दोनों एजेंसियां अब संयुक्त रूप से पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हैं।
छापे में कोडेक्स सीरप जो नशे के लिए कुख्यात सिरप है, बरामद हुआ है। एटीवैन टेबलेट भी मिली हैं, जो मानसिक संतुलन को प्रभावित करने वाली दवा है। वह ऑटो भी जब्त कर लिया गया है, जिसका दवाओं की तस्करी में इस्तेमाल हो रहा था।
ड्रग विभाग के अनुसार, जब्त की गई दवाएं बिना लाइसेंस के और गैरकानूनी तरीके से संग्रह की गई थीं। इन दवाओं की आपूर्ति किन चैनलों से की जा रही थी, इस पर भी जांच की जा रही है। पूरे नेटवर्क के खुलासे के लिए नारकोटिक्स और ड्रग विभाग की संयुक्त जांच जारी है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।