आगरा के बासौनी क्षेत्र में ससुराल से लौट रहे युवक की कार खाई में गिरी, मौके पर ही मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
बाह (आगरा)। थाना बासौनी क्षेत्र में गुरुवार को एक हृदय विदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। जयपुर से आगरा स्थित ससुराल आकर वापस लौट रहे 30 वर्षीय युवक की कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

वह कार, जिसके खाई में गिरने से युवक की मौत हुई। हादसे में गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अलकेश पुत्र हीरा सिंह तोमर, निवासी साहस का पुरा, थाना नगरा, तहसील पोरसा (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है। अलकेश जयपुर में नौकरी करते थे। वह अपनी पत्नी अमृता और दो छोटे बच्चों को आगरा स्थित ससुराल छोड़कर अपने पैतृक गांव लौट रहे थे।
जैसे ही उनकी स्विफ्ट डिजायर कार थाना बासौनी क्षेत्र के पुरा टिन्नेत मंदिर के पास पहुंची, तभी वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बनी गहरी खाई (गड्ढे) में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि अलकेश की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बासौनी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को खंदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी बाह भिजवाया।
अचानक हुए इस हादसे से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अलकेश अपने पीछे पत्नी अमृता और दो मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है। अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है।