महुअर कट पर मौत से जंग, ट्रेलर में घुसी पिकअप, आधे घंटे तक पिकअप में फंसा रहा चालक
आगरा–जयपुर हाईवे पर महुअर कट के पास देर रात पिकअप ट्रेलर में घुस गई। हादसे में चालक के दोनों पैर वाहन में फंस गए और वह आधे घंटे तक पिकअप में फंसा रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से रेस्क्यू कर चालक को अस्पताल पहुंचाया। परिचालक भी घायल हुआ। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा।
क्रेन से रेस्क्यू कर बचाई गई जान, अमरूद से भरी पिकअप लखनऊ जा रही थी, परिचालक घायल
आगरा। आगरा–जयपुर हाईवे पर थाना किरावली क्षेत्र के गांव महुअर कट के पास रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। रात करीब 11:15 बजे अमरूद से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप चालक के दोनों पैर वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद चालक करीब आधे घंटे तक पिकअप में फंसा रहा।
सवाई माधोपुर से लखनऊ जा रही थी पिकअप
हादसे में घायल चालक की पहचान धर्मेंद्र सिंह पुत्र रणजीत सिंह, निवासी गांव खुड़ियाना, तहसील लक्ष्मणगढ़, जिला अलवर (राजस्थान) के रूप में हुई है। उनके साथ परिचालक सचिन पुत्र भगवान, निवासी गांव चोमू, मालाखेड़ा, जिला अलवर भी पिकअप में मौजूद था। दोनों सवाई माधोपुर से अमरूद लादकर लखनऊ जा रहे थे।
ट्रेलर मुड़ रहा था, तभी हो गई टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महुअर कट पर एक ट्रेलर न्यू दक्षिणी बाईपास की ओर चढ़ने के लिए मुड़ रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप नियंत्रण खो बैठी और सीधे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर के बाद परिचालक सचिन किसी तरह पिकअप से बाहर निकल आया, लेकिन वह भी घायल हो गया।
आधे घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यवीर सिंह और चौकी इंचार्ज सतीश सोलंकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चालक के पैर बुरी तरह फंसे होने के कारण उसे बाहर निकालना आसान नहीं था। पुलिस ने कोरई टोल प्लाजा की क्रेन मंगवाकर काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला।
घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया गया
रेस्क्यू के तुरंत बाद घायल चालक धर्मेंद्र सिंह को टोल प्लाजा की एंबुलेंस से सीएचसी किरावली भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए। परिचालक सचिन को भी चोटें आई हैं।
यातायात हुआ प्रभावित, बाद में बहाल
हादसे के कारण कुछ समय के लिए आगरा–जयपुर हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त पिकअप और ट्रेलर को हटवाकर सड़क को साफ कराया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।