25 देशों की सुंदरियां और ताजमहल आमने-सामनेः बोलीं- यह सचमुच ‘वंडर ऑफ द वर्ल्ड’ है

आगरा। दुनिया की सबसे बड़ी किशोर सौंदर्य प्रतियोगिता मिस टीन इंटरनेशनल की फाइनलिस्ट जब ताजमहल के दीदार को मंगलवार को आगरा पहुंचीं, तो उनकी आँखें चमक उठीं। 25 देशों से आई इन सुंदरियों ने जब संगमरमर की इस अनमोल धरोहर को देखा तो एक सुर में कह उठीं- ‘वाह… यह सचमुच अद्भुत है!’

Aug 26, 2025 - 15:24
Aug 26, 2025 - 16:19
 0
25 देशों की सुंदरियां और ताजमहल आमने-सामनेः बोलीं- यह सचमुच ‘वंडर ऑफ द वर्ल्ड’ है
मिस टीन इंटरनेशनल की प्रतिभागी 25 देशों की सुंदरियां मंगलवार को ताजमहल पर।

ताज की खूबसूरती देखते ही सभी के मुंह से एक स्वर में शब्द निकले – वन्डरफुल, अमेजिंग, ओह माय गॉड, वाह ताज।

मिस टीन इंटरनेशनल विश्व की सबसे प्रतिष्ठित और सबसे बड़ी किशोर सौंदर्य प्रतियोगिता है, जिसमें दुनिया भर से मॉडल्स भाग लेती हैं और अपनी किस्मत आजमाती हैं। इस बार भारत इसकी मेजबानी कर रहा है और 31 अगस्त को जयपुर में इसका ग्रैंड फिनाले आयोजित होगा।

ग्रैंड फिनाले से पहले फाइनलिस्ट आगरा पहुंचीं और ताजमहल की खूबसूरती देख मंत्रमुग्ध हो गईं। सभी सुंदरियाँ ताज की नक्काशी को निहारती रहीं और हर पल को मोबाइल कैमरों में कैद करती दिखीं। इस दौरान मौजूद पर्यटक भी उनके साथ सेल्फी लेने को उत्साहित नजर आए।

ताजमहल के मुख्य द्वार से प्रवेश करते ही सुंदरियाँ उसकी पहली झलक पर उछल पड़ीं और ताज की बारीक नक्काशी व संगमरमर पर की गई पच्चीकारी को देखती रहीं। स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।

सुंदरियों ने ताजमहल की खूबसूरती के साथ-साथ उसके इतिहास को जानने में भी गहरी रुचि दिखाई। गाइड से उन्होंने शाहजहां-मुमताज की प्रेमकथा, ताज की वास्तुकला, पच्चीकारी में प्रयुक्त बेशकीमती पत्थरों व ताजमहल के रखरखाव की बारीकियों पर जानकारी ली। साथ ही यमुना के किनारे स्थित असली कब्रगाह के बारे में भी जाना।

मीडिया से बातचीत में सभी ने कहा कि ताजमहल एक अद्भुत धरोहर है, प्यार का अनोखा प्रतीक है। हम अपने देश लौटकर सभी को इस अद्भुत कलाकारी के बारे में जरूर बताएंगे। जिंदगी में एक बार ताजमहल देखना हर किसी के लिए जरूरी है।

कुछ प्रतिभागी कह रही थीं कि ताजमहल को उन्होंने किताबों और फिल्मों में बहुत देखा था, लेकिन असल में देखने का अनुभव अलौकिक है। एक फाइनलिस्ट ने कहा- ‘This is truly the Symbol of Love.’
ज्यादातर का कहना था कि ताजमहल इंसानी कला का सबसे बड़ा चमत्कार है।

इन सुंदरियों ने ताजमहल की पृष्ठभूमि में तस्वीरें खिंचवाकर कहा कि वे इस स्मृति को हमेशा संजोकर रखेंगीं। वे सभी भारतीय आतिथ्य और संस्कृति से भी प्रभावित दिखीं।
ताजमहल का यह नजारा देखकर एक बार फिर साबित हो गया कि यह धरोहर सिर्फ भारत की नहीं, बल्कि पूरे विश्व की अमूल्य धरोहर है।

मिस यूनिवर्स इंडिया के ऑनर निखिल आनंद ने कहा कि आज हम दुनिया की सबसे खूबसूरत जगह पर हैं। ताजमहल भारत की आन-बान-शान है और जब भी मौका मिलता है, मैं यहां जरूर आता हूँ। दुनिया में कहीं भी चला जाऊं, गर्व से ताजमहल का जिक्र करता हूँ। मिस टीन इंटरनेशनल का भारत में आयोजन हमारे फैशन जगत की वैश्विक पहचान को और मजबूत करेगा।

ग्लैमआनंद ग्रुप के निदेशक निशांत आनंद और जनसंपर्क अधिकारी सर्वेश कश्यप भी सुंदरियों के साथ ताजमहल पहुंचे। सर्वेश कश्यप ने कहा कि आज की यह यात्रा ऐतिहासिक है। दुनियाभर की 24 सुंदरियों का एकसाथ ताजमहल पहुंचना अपने आप में गौरव का क्षण है। ये सभी जब अपने देश लौटेंगी तो वहां के लोग भी हमारे इस अद्भुत धरोहर, हमारी संस्कृति और कलाकारी से परिचित होंगे।

जो फाइनलिस्ट सुंदरियां ताजमहल देखने पहुंची वे हैं-

बोत्सवाना – मार्गरेट नाशा, कनाडा – जीनी अलीशा वेंटूरा, कोलंबिया – वालेरिया मोरालेस वैलेरी, क्यूबा – अमालिया मार्टिनेज, डोमिनिक गणराज्य – एस्मेलिन तेजस, फीजी – निशिका शयाली, फ्रांस – एनेस होल्ट्ज़मैन मिरांडा, जर्मनी – लॉरीना विन्सेटिना, भारत – कज़ियाह लिज मेजो, जापान – किक्यो स्वाडा, मैक्सिको – ग्रेसिया नोवेलो, नामीबिया – एलेन एंगलब्रेक्ट, नीदरलैण्ड – लियोरा स्मिट, पैराग्वे – फ्लोरेंसिया गोंजालेज, पेरू – अलमेंद्रा लीमास, फिलीपींस – अन्ना मार्गरेट मर्केडो, प्यूर्टो रीको – सबरीना मारिया फेलिसियानो, रोमानिया – मारी घिसे, स्पेन – लोरेना रूइज़, श्रीलंका – थानुशी अमाया, अमेरिका (यूएसए) – एलेनिस क्यूवास, वेनेजुएला – तातियाना ज़ाम्ब्रानो बर्मुडे़ज़, वियतनाम – न्युंगा था जुआन माई औक जिम्बाब्वे की जूली तुंगामिराई।

SP_Singh AURGURU Editor