शौक पूरा करने के लिए चोर बन गए: आगरा में चोरी की दस बाइक के साथ तीन युवक गिरफ्तार
आगरा। कहते हैं कि जरूरतें इंसान से गलतियां कराती हैं, मगर जब ‘शौक’ जरूरत से बड़ा हो जाए तो इंसान अपराध के रास्ते पर भी चल पड़ता है। ऐसा ही हुआ अछनेरा पुलिस द्वारा पकड़े गये तीन युवकों के साथ, जिन्होंने अपने शौक पूरे करने के लिए वाहन चोरी को पेशा बना लिया। थाना अछनेरा पुलिस और एसओजी टीम ने एक संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान इन्हें रंगे हाथों पकड़ा और चोरी की 10 बाइक बरामद कर लीं।
-अछनेरा पुलिस और एसओजी की सयुंक्त कार्रवाई में हुआ खुलासा
संदिग्ध युवकों की तलाशी में खुला राज
सोमवार रात करीब 11.30 बजे, थाना अछनेरा पुलिस सांधन रोड अंडरपास के पास चेकिंग कर रही थी, तभी तीन संदिग्ध युवक बाइक पर आते दिखाई दिए। पुलिस ने रोककर जब पूछताछ की, तो तीनों की पोल खुल गई। बाद में उनकी निशानदेही पर उनके पास से चोरी की दस मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
शौक पूरा करने के लिए बन गए चोर
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे महंगे शौक और जीवनशैली बनाए रखने के लिए बाइक चोरी करते थे और फिर उन्हें आगरा और भरतपुर में औने-पौने दामों में बेच देते थे। उनकी ये गतिविधियाँ व्यवस्थित गिरोह जैसी थीं, जिसमें वह लगातार थानों की सूची में शामिल होते जा रहे थे।
तीनों चोरं का भारी आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई- कृष्णपाल पुत्र राजवीर सिंह, निवासी ग्राम लोरिया, थाना कागारौल, अनुराग पुत्र रनवीर सिंह, निवासी गढ़ी रामबल, थाना फरह, मथुरा, अमित पुत्र विष्णु, निवासी नूरपुर हसैला, थाना चिकसाना, भरतपुर।
तीनों के खिलाफ आगरा, मथुरा और भरतपुर के थानों में कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से कृष्णपाल पर 11, अनुराग पर 9 और अमित पर 8 मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी में रही ये टीम सक्रिय
इन शातिर चोरों को दबोचने में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक नवजीत सिंह, नमन त्रिपाठी, अतुल कुमार सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।