श्रावण परिक्रमा से पहले खस्ताहाल वनखंडी महादेव मार्ग श्रद्धालुओं के लिए बना चिंता का विषय

आगरा। सावन माह के दूसरे सोमवार को होने वाले बल्केश्वर महादेव मेले और शहर के चारों कोनों पर स्थित शिवालयों की परिक्रमा से पहले परिक्रमा मार्ग की दुर्दशा श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। विशेषकर ककरैठा गांव से बनखंडी महादेव मंदिर तक जाने वाला मार्ग कीचड़ और गड्ढों से भरा हुआ है, जिससे परिक्रमा करने वाले भक्तों को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।

Jul 15, 2025 - 13:46
 0
श्रावण परिक्रमा से पहले खस्ताहाल वनखंडी महादेव मार्ग श्रद्धालुओं के लिए बना चिंता का विषय
वनखंडी महादेव मंदिर, जहां श्रावण मास के दूसरे सोमवार के मौके पर होने वाली परिक्रमा के दौरान भक्त भोले के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

-कीचड़ और गड्ढों से भरा रास्ता, श्रावण मास के दूसरे सोमवार की परिक्रमा में बाधा बन सकता है रास्ता

ज़ारों श्रद्धालु करते हैं पारंपरिक धार्मिक परिक्रमा

श्रावण मास में भोलेनाथ की आस्था में डूबे हज़ारों श्रद्धालु राजेश्वर महादेव, श्रीमनःकामेश्वर, रावली महादेव, पृथ्वीनाथ महादेव, कैलाश महादेव, वनखंडी महादेव होते हुए बल्केश्वर महादेव मंदिर तक परिक्रमा करते हैं। यह परिक्रमा रविवार शाम से ही शुरू हो जाती है और सोमवार की सुबह तक जारी रहती है। इसी मार्ग में स्थित है प्राचीन बनखंडी महादेव मंदिर, जो श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का केंद्र है।

बारिश से कच्चा रास्ता बदहाल, कीचड़ और फिसलन से बढ़ी चिंता

ककरैठा गांव से आगे तक का मार्ग पूरी तरह कच्चा है और बारिश के चलते वहां गहरा कीचड़, जलभराव और फिसलन की स्थिति बनी हुई है। जगह-जगह गड्ढे हो चुके हैं, जिससे पैदल चलने में मुश्किल हो रही है। श्रद्धालुओं को यह रास्ता पार करना किसी चुनौती से कम नहीं है।

वीरेन्द्र गुप्ता ने उठाई मार्ग सुधार की मांग

ट्रांसपोर्ट व्यवसायी एवं समाजसेवी वीरेन्द्र गुप्ता ने इस विषय को गंभीरता से उठाते हुए प्रशासन से तत्काल गिट्टी और मिट्टी डलवाकर मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह नगर की आस्था और धार्मिक परंपरा से जुड़ा विषय है। हर साल हज़ारों श्रद्धालु इस मार्ग से होकर बल्केश्वर महादेव पहुंचते हैं। यदि समय रहते मार्ग की मरम्मत नहीं हुई तो श्रद्धालुओं को फिसलने, गिरने और चोटिल होने जैसी घटनाओं से जूझना पड़ेगा।

श्री गुप्ता ने यह भी जोड़ा कि प्रशासन को चाहिए कि वह बल्केश्वर महादेव मेला और परिक्रमा से पहले ककरैठा से वनखंडी महादेव तक के मार्ग को प्राथमिकता के साथ दुरुस्त कराए, जिससे यह धार्मिक आयोजन बिना किसी अवरोध के संपन्न हो सके।

SP_Singh AURGURU Editor