भदोही का नाम फिर ‘संत रविदास नगर भदोही’ होगा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ऐलान

भदोही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भदोही जिले का नाम फिर बदलकर ‘संत रविदास नगर भदोही’ किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अब भदोही इसी नए नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री ने भदोही में आयोजित कार्यक्रम में यह घोषणा की। इससे पहले जुलाई में भी उन्होंने भदोही को संत रविदास के नाम से जोड़ने की घोषणा की थी।

Oct 4, 2026 - 21:22
 0
भदोही का नाम फिर ‘संत रविदास नगर भदोही’ होगा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ऐलान

मुख्यमंत्री ने कहा कि कालीन उद्योग के लिए प्रसिद्ध भदोही जिले को भविष्य में सतगुरु रविदास जी महाराज के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने संत रविदास को मध्यकालीन संत बताते हुए कहा कि उन्होंने आध्यात्मिक भक्ति के माध्यम से समाज को एकजुट करने का काम किया।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर जिले में 1,340 करोड़ रुपये से अधिक की 112 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 65 परियोजनाओं का लोकार्पण करीब 440.84 करोड़ रुपये की लागत से और 47 परियोजनाओं का शिलान्यास करीब 899.27 करोड़ रुपये की लागत से किया गया।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने भदोही में इंडिया कारपेट एक्सपो के स्वर्ण जयंती संस्करण का शुभारंभ किया। उन्होंने कालीन उद्योग से जुड़े निर्यातकों, विक्रेताओं, उद्यमियों और कारीगरों से संवाद किया तथा विभिन्न स्टालों का निरीक्षण कर कालीनों की कारीगरी और डिजाइन की सराहना की।

कई बार बदला जिले का नाम

भदोही को 30 जून 1994 को वाराणसी से अलग कर प्रदेश का 65वां जिला बनाया गया था। दिसंबर 1997 में इसका नाम बदलकर ‘संत रविदास नगर’ किया गया। नवंबर 1999 में इसमें भदोही जोड़कर ‘संत रविदास नगर-भदोही’ नाम किया गया। दिसंबर 2014 में तत्कालीन अखिलेश यादव सरकार ने फिर इसका नाम केवल ‘भदोही’ कर दिया था। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर ‘संत रविदास नगर भदोही’ नाम किए जाने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भदोही, मिर्जापुर और वाराणसी को मिलाकर सिल्क क्लस्टर के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे कालीन, रेशम और हस्तशिल्प उद्योग को बढ़ावा मिलने तथा रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद जताई गई।

SP_Singh AURGURU Editor