दबंग से त्रस्त भगवान नगर में घरों पर लग गए थे ‘मकान बिकाऊ’ के पोस्टर, पुलिस कार्रवाई और वार्ता के बाद हटे

भगवान नगर, कमला नगर में दबंग युवक सनी की दहशत से परेशान होकर 40 घरों पर मकान बिकाऊ के पोस्टर लगाए गए। 2 फरवरी की मारपीट और महिलाओं से अभद्रता के बाद लोगों का आक्रोश फूटा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा और ACP छत्ता की मध्यस्थता से समझौता कराया गया, जिसके बाद पोस्टर हटा लिए गए और क्षेत्र में शांति बहाल हुई।

Feb 3, 2026 - 20:10
 0
दबंग से त्रस्त भगवान नगर में घरों पर लग गए थे ‘मकान बिकाऊ’ के पोस्टर, पुलिस कार्रवाई और वार्ता के बाद हटे
क्षेत्र में तैनात पुलिस।

कमला नगर के भगवान नगर में दबंगई के विरोध में अनोखा प्रदर्शन, आरोपी जेल भेजा गया, एसीपी की मध्यस्थता से बहाल हुई शांति

आगरा। आगरा के थाना कमला नगर क्षेत्र स्थित बल्केश्वर के भगवान नगर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक साथ करीब 40 मकानों पर ‘मकान बिकाऊ है’ के पोस्टर चस्पा कर दिए गए। यह पोस्टर किसी मजबूरी में मकान बेचने के नहीं, बल्कि एक दबंग युवक की दहशत के खिलाफ सामूहिक विरोध का प्रतीक बन गए।

2 फरवरी की मारपीट बनी चिंगारी

स्थानीय लोगों के अनुसार, 02 फरवरी को मोहल्ले में एक पारिवारिक समारोह चल रहा था। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला सनी पुत्र शहजाद जबरन समारोह में घुस आया और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उसने एक व्यक्ति के गले से सोने की चेन तोड़ने की कोशिश की, विरोध करने पर गंभीर मारपीट की, जिससे पीड़ित के गले में दो टांके तक आए।

महिलाओं से अभद्रता के भी आरोप

मोहल्ले की रहने वाली प्रीति अग्रवाल ने आरोप लगाया कि सनी ने उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर वह उनके घर में घुस आया। किसी तरह उन्होंने खुद को सुरक्षित किया। इस घटना से महिलाओं में खासा भय व्याप्त हो गया।

पुलिस पर भी उठे सवाल

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि जब वे शिकायत लेकर कमला नगर थाने पहुंचे, तो वहां मौजूद पुलिस इंस्पेक्टर ने उनकी बात सुनने के बजाय पीड़ितों को ही धमकाया, जिससे लोगों का आक्रोश और भड़क गया। लोगों का आरोप है कि पूर्व में भी कई शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

पार्षद भी रह चुके हैं पीड़ित

क्षेत्रीय पार्षद हरीओम बाबा अग्रवाल ने भी खुलासा किया कि आरोपी युवक उनके साथ भी मारपीट कर चुका है, लेकिन कार्रवाई न होने से उसका हौसला बढ़ता गया।

03 फरवरी को लगे ‘मकान बिकाऊ’ पोस्टर

लगातार उत्पीड़न और पुलिस की निष्क्रियता से आहत होकर 03 फरवरी को मोहल्ले के लोगों ने सामूहिक रूप से मकान बिकाऊ के पोस्टर लगा दिए। उनका कहना था कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, वे पोस्टर नहीं हटाएंगे, चाहे उन्हें मोहल्ला ही क्यों न छोड़ना पड़े।

पुलिस हरकत में, आरोपी जेल भेजा गया

मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस हरकत में आई। मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी सनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इसके बाद एसीपी छत्ता ने दोनों पक्षों को बुलाकर वार्ता कराई।

समझाने के बाद हटे पोस्टर, लौटी शांति

एसीपी के समझाने  और भरोसे के बाद क्षेत्रवासियों ने सभी पोस्टर हटा लिए। पुलिस का दावा है कि अब क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।