भारत विकास परिषद निकुंज शाखा का 22 फरवरी को रक्तदान शिविर, एक हजार यूनिट का लक्ष्य, 98 सदस्यों को सौंपी गई जिम्मेदारी, आगरा में बनेगा कीर्तिमान
आगरा। समाज सेवा के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक पहल करते हुए भारत विकास परिषद् निकुंज शाखा ने 22 फरवरी को विशाल रक्तदान शिविर आयोजित करने का ऐलान किया है। कमला नगर स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में प्रस्तावित इस महाशिविर के लिए एक हजार से अधिक यूनिट रक्त संग्रह का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया गया है। इसे लेकर परिषद् ने कमर कस ली है और तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मंगलम बैंकट हॉल, कमला नगर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रमुख उद्योगपति पूरन डावर ने किया। उन्होंने परिषद् के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है और ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
संस्थापक एडवोकेट प्रमोद सिंघल ने जानकारी देते हुए बताया कि परिषद् द्वारा आयोजित यह रक्तदान शिविर निरंतर सेवा की कड़ी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बीते वर्ष 885 यूनिट रक्त एकत्र कर परिषद् ने एक मिसाल कायम की थी, वहीं इस वर्ष लक्ष्य को और ऊंचा रखते हुए एक हजार यूनिट से अधिक रक्त संग्रह का संकल्प लिया गया है।
संरक्षक विनय सिंघल एवं सुभाष वर्मा ने बताया कि परिषद् इस लक्ष्य को हर हाल में पूरा करेगी। इसके लिए सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी जा चुकी हैं और व्यापक जनसंपर्क अभियान भी शुरू किया जाएगा।
अध्यक्ष राजेश कुमार गर्ग ने बताया कि बैठक में 98 सदस्यों को पांच-पांच रक्तदाताओं को लाने की जिम्मेदारी दी गई है। रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं के लिए हीमोग्लोबिन जांच, ब्लड ग्रुप जांच, प्राथमिक चिकित्सा, मेडिकल किट की सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही प्रत्येक रक्तदाता को प्रमाण-पत्र एवं स्वास्थ्य संबंधी उपहार प्रदान किए जाएंगे।
बैठक में व्यय का लेखा-जोखा कोषाध्यक्ष सीए प्रवीन कुमार गर्ग ने प्रस्तुत किया, जबकि सचिव श्रीभगवान सिंघल ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। सदस्यों ने एक स्वर में रक्तदान शिविर को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर महिला सहभागिता नीलम अग्रवाल, सीए विवेक अग्रवाल, मोहन वर्मा, प्रमोद कुमार अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, संजय अग्रवाल, पंकज बंसल, आनंद गुप्ता, राजेश गोयल, विनोद अग्रवाल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
Top of Form