बरेली में प्रशासन की बड़ी कार्यवाही : 50 करोड़ की बिजली विभाग की जमीन अवैध कब्जे से मुक्त
बरेली। जिला प्रशासन और पुलिस की सख्त कार्यवाही में बरेली शहर के रामपुर बाग स्थित बिजली विभाग कॉलोनी की करीब 50 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन को 20 साल पुराने अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया गया। यह जमीन लंबे समय से एक डेयरी संचालक के कब्जे में थी, जिसने विभाग की जमीन पर गाय-भैंस पालकर डेयरी चला रखी थी और मुकदमेबाजी तक शुरू कर दी थी।
20 साल पुराना कब्जा टूटा
रामपुर बाग स्थित कॉलोनी और कार्यालय परिसर में डेयरी संचालकों ने अवैध गेट लगाकर कब्जा जमा लिया था। वहां से निकलने वाली गंदगी और अव्यवस्था से कॉलोनी का माहौल खराब हो गया था। चीफ इंजीनियर ज्ञान प्रकाश ने जिलाधिकारी से संपर्क कर पूरी जानकारी दी, जिसके बाद संयुक्त कार्यवाही की योजना बनी।
संयुक्त टीम ने किया कब्जा मुक्त
मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश के नेतृत्व में जिला प्रशासन, पुलिस, उपजिलाधिकारी सदर प्रमोद कुमार, तहसीलदार और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में कब्जा हटाने की कार्यवाही की गई। डेयरी संचालक ने स्टे ऑर्डर का दावा किया, लेकिन कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पाए। कुछ ही घंटों में जमीन से अतिक्रमण हटाकर डेयरी ध्वस्त कर दी गई और अवैध गेट भी बंद करा दिया गया।
दो दर्जन से अधिक पशु हटाए गए
संयुक्त टीम ने मौके से दो दर्जन से अधिक गाय-भैंसों को हटवाया। इस दौरान उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार कार्यवाही की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे थे। मौके पर सिविल अधिशासी अभियंता जुनेद आलम और पुलिस बल तैनात रहा, जिससे माहौल शांतिपूर्ण रहा।