आगरा में चोरों का बड़ा गिरोह धरा गया: पांच गिरफ्तार, सरगना रूसी अब भी फरार
आगरा। थाना मलपुरा पुलिस और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले सक्रिय चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरोह का सरगना रूसी उर्फ पुष्पेंद्र उर्फ दीपक अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसे पकड़ने के लिए टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने बताया कि 3 और 4 जून की रात ग्राम लालऊ में राघवेंद्र की दुकान में सेंध लगाकर लाखों का सामान चुराया गया था। इसके अलावा 27 जून को ग्राम खलौआ निवासी कप्तान सिंह के घर में नक़दी और सामान की बड़ी चोरी हुई थी। इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई थीं।
शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि चोर गिरोह के सदस्य ग्राम मनकेड़ा के अंडरपास के पास एकत्रित हैं और किसी बड़ी चोरी की योजना बना रहे हैं। तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से हरीश सिंह, भूदेव सिंह, रोहित भगौर और धर्मवीर सिंह को धर दबोचा। उनकी निशानदेही पर मनिया गांव से बदन सिंह को भी पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की कई घटनाओं का खुलासा किया। हरीश और रोहित ने फतेहपुरसीकरी के गांव जाजोली में शराब ठेके से चोरी की बात कबूली। धर्मवीर ने रूसी उर्फ पुष्पेंद्र के साथ किरावली के एक मेडिकल स्टोर से दस हजार रुपये चोरी करने की बात मानी।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और नौ हज़ार से अधिक नक़दी बरामद की है। गिरोह का सरगना रूसी उर्फ दीपक अब भी फरार है और उसकी तलाश तेज़ कर दी गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक गिरोह योजनाबद्ध तरीके से चोरी की घटनाएं करता था और उसके बाद माल का आपस में बंटवारा करता था।