2027 में भी बने यूपी में भाजपा सरकार, सीएम योगी ने खूब काम किया; अमित शाह ने ठोकी पीठ
यूपी दिवस कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में भाग लेने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह राजधानी लखनऊ पहुंचे। सीएम योगी आदित्यनाथ और अन्य नेताओं ने उनका स्वागत किया।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर यूपी महोत्सव का आगाज हुआ। कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह में भाग लेने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लखनऊ पहुंचे। यूपी दिवस समारोह का आयोजन 24-26 जनवरी तक हो रहा है। यूपी दिवस समारोह का उद्घाटन अमित शाह ने किया। इससे पहले एयरपोर्ट पर सीएम योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक और अन्य नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद अमित शाह राष्ट्र प्रेरणा स्थल पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री ने यूपी चुनाव 2027 का शंखनाद भी कर दिया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल से यूपी चुनाव 2027 को लेकर भाजपा के अभियान का आगाज एक प्रकार से कर दिया। उन्होंने कहा कि मैं इस मंच से प्रदेश के लोगों से 2027 में एक बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का आह्वान करता हूं। साथ ही, सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व की उन्होंने जमकर तारीफ की। अमित शाह ने कहा कि केंद्र में पीएम नरेंद्र मोदी और प्रदेश में सीएम योगी आदित्यनाथ शानदार काम कर रहे हैं। यूपी विकास की राह पर बढ़ा है। प्रदेश में लगातार विकास कार्यों को गति दी गई है। एक्सप्रेसवे से लेकर एयरपोर्ट तक के निर्माण हो रहे हैं। जल्द ही प्रदेश पांच इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला राज्य बन जाएगा।
अमित शाह ने कहा कि अयोध्या में पांच शताब्दियों के बाद भव्य श्रीराम मंदिर बनकर तैयार हो गया है। प्रयागराज में महाकुंभ 2025 का शानदार आयोजन कराया गया। यूपी वर्तमान समय में इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम के निर्माण का हब बनकर उभरा है। 2017 के पहले कोई इन बातों की कल्पना भी नहीं कर सकता था। आज यूपी ग्रीन डेस्टिनेशन बन गया है। प्रदेश में 15 लाख करोड़ की योजना जमीन पर उतारा गया है। डकैती और लूट की घटनाओं में कमी आई है।
अमित शाह ने कहा कि प्रदेश की इंटरनेशनल सीमा को भी सुरक्षित किया गया है। यूपी विकास के रास्ते पर तेजी से बढ़ा है। प्रदेश में देशभक्ति की लौ जागृत हो चुकी है। अगला साल चुनाव का साल है। यूपी के विकास के लिए प्रदेश में बीजेपी के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएं। विपक्ष पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि परिवारवादी पार्टियां यूपी का कल्याण नहीं कर सकती हैं। भाजपा ही कर सकती है। हमने भ्रष्टाचार समाप्त किया है। गरीब के लिए योजना बनाई है। हम 20 घंटे बिजली दे रहे हैं। उन्होंने आने वाले चुनाव में हर मतदाता से जात-पात से ऊपर उठकर भाजपा का कमल खिलाने की अपील की।
अमित शाह ने कहा, यह श्रीराम, कृष्ण, शिव, बुद्ध की धरती है। प्रेरणा स्थल पर पहली बार आया हूं। तीन महान विभूतियों की मूर्ति लगी है। योगी, दोनों उप मुख्यमंत्री, सरकार को बधाई। राष्ट्र की जागृत का स्थल बनेगा। यह दशकों तक देश को दिशा देगा। भाजपा सरकार ने कूड़े को कंचन में बदला है। उन्होंने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में मोदी सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारा है। युवाओं को रोजगार से जोड़ने में मदद की है। युवाओं को ऋण की व्यवस्था की गई। 1.30 लाख युवाओं को करोड़ों का ऋण दिया है।
अमित शाह ने यूपी दिवस कार्यक्रम में योगी सरकार की पीठ ठोकी। उन्होंने कहा कि सवाल उठाया गया था, क्या उत्तर प्रदेश सफल होगा? अमित शाह ने कहा कि मुझे योगी जी ने बताया कि पहले यहां 65 एकड़ में कूड़े का पहाड़ था, जिसे हमने कंचन में बदलकर इस स्थल को विकसित किया है। हर साल एक लाख युवाओं को 5 लाख तक की लोन मुक्त ब्याज मुक्त गारंटी मुक्त लोन देने की एक व्यवस्था हुई है। अब तक एक लाख युवाओं को इसका लाभ मिल चुका है। एक जिला एक व्यंजन कार्यक्रम से भी रोजगार के नए अवसर बनेंगे।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2017 में हमने पहली बार एक जिला एक उत्पाद को अपने संकल्प पत्र में शामिल किया था। आज देश के कई राज्यों में इस मॉडल को अपनाया जा रहा है। अब एक जिला एक व्यंजन योजना को शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास पर सवाल उठाने भी देख रहे हैं कि प्रदेश न सिर्फ इसका अग्रणी इंजन बन चुका है, बल्कि का आज के दिन एक जिला और एक मिष्ठान का शुभारंभ करके एक और कमल करने जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने कहा कि आज शुभांशु शुक्ला, अलख पांडेय, सुधांशु सिंह, रश्मि आर्य को सम्मानित किया गया। मुझे हरिओम पंवार को भी सम्मानित करने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि हरिओम पंवार को लंबे समय से सुनता आया हूं। इन्होंने तटस्थ भाव से वीर रस की कविता कही है। इन लोगों को सम्मानित किए जाने से निश्चित ही अन्य लोगों को अच्छा करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चल रहे कार्यक्रमों से वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने में काफी उपयोगी होगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 'जय श्री राम' का जयकारा लगाकर अपने संबोधन की शुरुआत की। भारत माता की जय के नारे भी लगे। इस दौरान आवाज हल्की होने पर गृह मंत्री ने चुटकी ली। उन्होंने कहा कि मौसम भी खुल गया है। ठंड कम हो गई है। आज यूपी दिवस का कार्यक्रम है। ऐसे में कमजोर आवाज से काम नहीं चलेगा। इसके बाद जय श्री राम के जयकारे से पूरा कार्यक्रम पंडाल गूंज उठा। इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री ने मोदी सरकार के विकसित भारत संकल्प का जिक्र किया।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि यूपी में भी योगीजी ने प्रदेश को विकसित बनाने का संकल्प लिया है। 15 अगस्त 2047 को जब देश की आजादी की 100वीं वर्षगांठ मनाई जाएगी, तब यूपी विकसित बनेगा। विकसित भारत का अहम राज्य उत्तर प्रदेश है। हम आज इस संकल्प दोहराते हैं। यूपी भारत की धड़कन और आत्मा है। अब यह प्रदेश देश के विकास का इंजन भी बन रहा है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी दिवस के मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी के बधाई संदेश को पढ़ा। पीएम ने पत्र में लिखा है कि आज उत्तर प्रदेश वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है। एक वक्त ऐसा भी था जब दशकों तक प्रोजेक्ट लटकते थे। प्रदेश के लोगों का आत्मविश्वास हिल चुका था, लेकिन आज भाजपा की सरकार में पुराने प्रोजेक्ट पूरे हो रहे हैं।
पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि नए प्रोजेक्ट भी तेजी से धरातल पर उतारे जा रहे हैं। यूपी वासियों को यूपी स्थापना दिवस की शुभकामना देता हूं। मैं काशी का सांसद हूं, यूपी के लोगों ने मुझे चुनकर भेजा है। यूपी की मिट्टी में खास है, यूपी विकास भी ओर विरासत भी का उत्तम उदाहरण बन रहा है।
कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि आज वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन योजना को लॉन्च किया गया है। इसके जरिए हम जिलों के व्यंजनों को वैश्विक स्तर पर ले जाने का कार्य करेंगे। इससे क्षेत्रीय उत्पादों को वैश्विक बाजार में उतरने का मौका मिलेगा। योजना से लोगों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ के एस्ट्रोनॉट विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला को सम्मानित किया गया। वह अंतरिक्ष में जाने वाले दूसरे भारतीय बनने का गौरव हासिल किए हैं। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए फिजिक्सवाला के अलख पांडेय, छात्राओं की पढ़ाई के क्षेत्र में कार्य करने वाली रश्मि आर्या, हिंदी साहित्य के क्षेत्र में योगदान देने वाले वीर रस के कवि डॉ. हरिओम पंवार और कृषि के क्षेत्र में काम करने वाले वाराणसी के डॉ. सुधांशु सिंह को यूपी गौरव सम्मान से सम्मानित किए गए। इनके साथ-साथ जौनपुर, हरदोई, अंबेडकरनगर, झांसी और आजमगढ़ के डीएम को उनके विशिष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अमित शाह का स्वागत करते हुए कहा कि वे धारा 370 को खत्म करने के आर्किटेक्ट, नक्सलवाद खत्म करने वाले नेता रहे है। आज का दिन एक तिथि नहीं, यूपी की पहचान का अवसर है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती राम राज्य, कृष्ण, कबीर, तुलसी की विचारधाराओं को आगे ले जाने वाली रही है। यह देश का सबसे बड़ा राज्य ही नहीं, विकास का ग्रोथ इंजन भी है।
पंकज चौधरी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत का गौरव बढ़ाया है। आज देश की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान से चौथे नंबर पर आ गई है। यह उनके प्रभावी नेतृत्व का कमाल है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में पिछड़ेपन से आगे निकलते हुए प्रदेश विकास और विरासत का राज्य बन गया है। आज निवेशकों की पहली पसंद है। तुष्टिकरण नहीं योजनाओं का संस्तुतिकरण करता है। यूपी बढ़ रहा है, भविष्य गढ़ रहा है।
डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने इस मौके पर कहा कि यूपी दिवस के इस मौके पर हम संकल्प लेते हैं कि प्रदेश से गरीबी को खदेड़ देंगे। हमने प्रदेश से गुंडों-माफियाओं को खदेड़ा है। पीएम के नेतृत्व में यूपी को शून्य से शिखर तक पहुंचाया है। डबल इंजन की सरकार के साथ यूपी विकास पथ पर तेज गति से बढ़ रहा है। वहीं, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि यूपी दंगा मुक्त, माफिया मुक्त प्रदेश बना है। 2014 में अमित शाह के प्रभारी बनने के साथ ही 73 सीट जीतकर इतिहास रचा था। इसके बाद विधानसभा चुनाव में भी सपा की गुंडागर्दी वाली सरकार की घंटी बजाने का काम किया है।