भाजपा हरियाणा में हैट्रिक की तरफ बढ़ी, एग्जिट पोल फिर फेल

चंडीगढ़। हरियाणा में तमाम एग्जिट पोल के नतीजों को झुठलाते हुए भाजपा ने निर्णायक बढ़त हासिल कर ली है। दोपहर 12 बजे तक के रुझानों में भाजपा ने 50 सीटों पर साफ बहुमत हासिल कर ली थी। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए काउंटिंग अभी जारी है। वैसे तो शुरुआती रुझानों में कांग्रेस ने काफी बढ़त ले ली थी लेकिन सुबह 9.44 बजे तक दोनों पार्टी 43-43 सीटों पर आ गईं। इसके बाद भाजपा 46 सीटों तक पहुंच गई। दोपहर 12 बजे तक की स्थिति के अनुसार भाजपा 50, कांग्रेस 34, इनेलो-बसपा 1, जेजेपी-एएसपी शून्य, आप शून्य और अन्य पांच पर बढ़त बनाए थे।

Oct 8, 2024 - 12:23
 0
भाजपा हरियाणा में हैट्रिक की तरफ बढ़ी, एग्जिट पोल फिर फेल


चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, 27 सीटों पर बीजेपी की लीड दो हजार से कम है। इन पर कभी भी उलटफेर हो सकता है। लाडवा सीट से सीएम नायाब सिंह सैनी और हिसार से सावित्री जिंदल आगे चल रहे हैं। जुलाना सीट से पूर्व रेसलर विनेश फोगाट पीछे हैं। हरियाणा में इस बार 67.90 फीसदी वोटिंग हुई थी। पिछली चुनाव में 68.20 प्रतिशत वोटिंग हुई थी।
देश की 13 एजेंसियों के एग्जिट पोल में हरियाणा में कांग्रेस की सरकार का अनुमान जताया गया था। कांग्रेस को 50 से 55 सीटें बताईं गई थीं लेकिन हरियाणा में जो ट्रेंड है, वो भाजपा के पक्ष में जा रहा है।
दरअसल, 2000 से 2019 तक हरियाणा में हुए पांच विधानसभा चुनाव में दो बार ऐसा हुआ, जब वोटिंग प्रतिशत गिरा या फिर उसमें एक फीसदी तक की मामूली बढ़ोतरी हुई। दोनों ही बार राज्य में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बनी। उसका फायदा उस समय सत्ता में रही पार्टी को मिला।
सीएम नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा में भाजपा की सरकार आएगी। हमें पूर्ण विश्वास है, हमने हरियाणा को गति देने का काम किया है। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने कहा कि जब से हमने चुनाव प्रचार शुरू किया है, तबसे मैं कह रहा हूं कि कांग्रेस के पक्ष में लहर है। कांग्रेस प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। भाजपा जा रही है और कांग्रेस आ रही है।

वैसे कैथल विधानसभा सीट से आदित्य सुरजेवाला 9898 वोटों से आगे चल रहे हैं। रेवाड़ी सीट से बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव के दामाद कांग्रेस कैंडिडेट चिरंजीव राव पीछे चल रहे हैं। उन्हें अभी तक 16,080 वोट मिले हैं। भाजपा कैंडिडेट लक्ष्मण यादव 2057 वोटों से आगे चल रहे हैं। उन्हें अब तक कुल 18,137 वोट मिले हैं। जुलाना सीट पर अब तक नौ राउंड की गिनती हुई है। यहां पूर्व रेसलर विनेश फोगाट पीछे चल रही हैं।

फिरोजपुर झिरका सीट पर कुल 19 राउंड में से सात राउंड की काउंटिंग हुई है। कांग्रेस उम्मीदवार मामिन खान 51780 वोटों से आगे हैं। गढ़ी सांपला किलोई सीट पर कुल 17 राउंड में से 6 राउंड की मतगणना हुई है। पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्‌डा 36436 वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं। नूंह सीट से कुल 15 राउंड में से 10 राउंड की काउंटिंग हुई है। नूंह से कांग्रेस के आफताब अहमद 28973 वोटों से आगे हैं। पुन्हाना सीट से 14 राउंड में से 8 राउंड में मोहम्मद इलियास 19222 वोटों से आगे हैं

कुरुक्षेत्र की थानेसर सीट से बीजेपी के कैंडिडेट पूर्व मंत्री सुभाष सुधा 33 वोटों से पीछे हैं। उन्हें अब तक 32582 वोट मिले हैं। इस सीट पर 7 राउंड की काउंटिंग हो चुकी हैं। पानीपत सिटी में करीब एक घंटे तक काउंटिंग रुकी रही। सुबह 9:51 बजे काउंटिंग रुकवाई गई थी। इसके बाद डिस्ट्रिक कलेक्टर ने सुबह 10:55 बजे काउंटिंग शुरू करवाई। उचाना कलां सीट से कांग्रेस के बृजेंद्र सिंह 3177 वोटों से आगे चल रहे हैं। इन्हें अभी तक 14,392 वोट मिले हैं। दुष्यंत चौटाला यहां छठे नंबर पर हैं। उन्हें अभी तक 2420 वोट मिले हैं।

सिरसा से गोपाल कांडा 4796 वोटों से पीछे हैं। कांग्रेस के गोकुल सेतिया 19,937 वोट के साथ पहले नंबर पर हैं। गोपाल कांडा को 15,141 वोट मिले हैं। यहां अब तक 4 राउंड की गिनती हुई है। तोशाम सीट पर तीसरे राउंड में बीजेपी की राज्यसभा सांसद किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी को 15367 वोट मिले। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी अनिरुद्ध चौधरी को 11582 वोट मिले। श्रुति चौधरी 3785 वोटों से आगे चल रही हैं। अंबाला कैंट से भाजपा कैंडिडेट अनिल विज 943 वोटों से पीछे चल रहे हैं। यहां से निर्दलीय चित्रा सरवारा आगे हैं। हिसार सीट से देश की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल 3836 वोटों से आगे चल रही हैं। भाजपा के पूर्व मंत्री कमल गुप्ता तीसरे पर नंबर हैं।