भाजपा नेत्री आशा खंडेलवाल के बेटे पर प्राणघातक हमला, 40 लोगों ने घेर कर लहूलुहान किया, पुलिस पर आरोप

आगरा। भाजपा नेत्री आशा खंडेलवाल के पुत्र विशाल खंडेलवाल पर जानलेवा हमला हुआ है। घटना पिछले मंगलवार की है। विशाल खंडेलवाल गनेश विहार, दौरेठा क्षेत्र में रहता है। हमलावरों की संख्या लगभग 40 बताई गई है, जिन्होंने विशाल खंडेलवाल को बेरहमी से पीटा। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस ने जानलेवा हमले के बावजूद न तो गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया और न ही घायल विशाल का मेडिकल परीक्षण कराया।

Jun 26, 2025 - 13:52
 0
भाजपा नेत्री आशा खंडेलवाल के बेटे पर प्राणघातक हमला, 40 लोगों ने घेर कर लहूलुहान किया, पुलिस पर आरोप
एसएन मेडिकल कॊलेज में उपचाररत आशा खंडेलवाल का पुत्र विशाल खंडेलवाल।  

यहां से शुरू हुआ विवाद?

घटना की शुरुआत हुई विशाल खंडेलवाल के बेटे यश और उसके दोस्त करन कुशवाह के बीच के किसी विवाद से हुई। करन नगला गूलर (जगदीशपुरा) का निवासी है। करन की मां दोनों दोस्तों के बीच के विवाद को लेकर यश के घर पहुंची, जहां उनकी यश की मां शिवानी से कुछ कहासुनी हुई। इसके बाद आई-गई हो गई थी। कुछ समय बाद शिवानी को अपने बेटे के मोबाइल में करन के बुलाने वाले मैसेज मिले, जिस पर शिवानी ने करन की मां से संपर्क कर करन की हरकतों पर आपत्ति जताई।

संभवतः अपनी मां के टोके जाने के बाद बाद करन कुशवाह, अपने साथियों सनी डॉन और रोहित को लेकर शिवानी खंडेलवाल के घर आया और गाली-गलौज करने लगा। शिवानी ने किसी तरह उन्हें घर से भगा दिया। थोड़ी ही देर में करन अपने छह और साथियों को लेकर फिर लौटा और दोबारा गाली-गलौज शुरू कर दी। शिवानी ने बताया कि उस समय उसने झगड़ा न बढ़े, इसलिए अपने पति विशाल और बेटे यश को रोक लिया। बकौल शिवानी, इसके बाद करन ने फोन पर यश को गालियां भेजनी शुरू कर दीं, जिससे तंग आकर विशाल अपने बेटे के साथ करण से बात करने उसके घर नगला गूलर पहुंचा।

40 लोगों ने घेर कर किया हमला

शिवानी खंडेलवाल ने बताया कि करन के घर पहुंचने पर विशाल को वहां करीब 40 लोग मौजूद मिले। शिवानी का कहना है कि यह इन लोगों की विशाल और यश को अपने घर पर बुलाने की चाल थी। खतरे को भांपकर विशाल खंडेलवाल ने अपने बेटे यश को वहां से भगा दिया, लेकिन हमलावरों ने विशाल को घेर लिया और उस पर बर्बर हमला कर दिया। उनके सिर पर लोहे की पाइप से वार किया गया, जिससे सिर में चार गहरे घाव हो गए। पैर टूट गया और सीने पर पाइप से मारकर उन्हें लहूलुहान कर दिया गया। हाथ समेत शरीर में अन्य जगहों पर भी चोटें हैं।

अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर

हमले की सूचना पर विशाल की पत्नी शिवानी और मां आशा खंडेलवाल उन्हें तुरंत एस.एन. मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचीं, जहां विशाल का इलाज चल रहा है। शिवानी का कहना है कि विशाल की हालत नाजुक है और अब तक पुलिस ने मेडिकल रिपोर्ट तक ठीक से नहीं कराई।

पुलिस की लापरवाही पर गंभीर सवाल

शिवानी का आरोप है कि उसने हमले के तुरंत बाद जगदीशपुरा पुलिस में तहरीर दी थी, लेकिन केस अगले दिन ही दर्ज किया गया और उसमें भी बहुत हल्की धाराएं लगाई गईं। दर्ज एफआईआर में जानलेवा हमले का कोई जिक्र तक नहीं किया गया।

शिवानी की रिपोर्ट में जिन नामों का उल्लेख है, उनमें करन कुशवाह, गुड्डी देवी, मुस्कान कुशवाह, केपी कुशवाह, केके कुशवाह, सनी, मिलित, राहुल गुप्ता, रोहित कुशवाह, सतीश और करण सहित 40 अज्ञात हमलावरों का नाम शामिल है। आरोप है कि ये सभी लोग घर में घुसे, छेड़छाड़, मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देकर चले गए।

आशा खंडेलवाल बोलीं- पुलिस का रवैया पक्षपाती

भाजपा नेत्री आशा खंडेलवाल ने कहा कि उनके बेटे पर जिस क्रूरता से हमला हुआ, वह देखना भी मुश्किल था। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार पूरी तरह से असंवेदनशील और पक्षपाती रहा। हमलावरों को बचाने की कोशिश की जा रही है। मैं खुद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मिलकर इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करूंगी।

SP_Singh AURGURU Editor