सीधी में भालू का खूनी तांडव: तीन ग्रामीणों की मौत, चार घायल, लोगों ने भालू को भी मार गिराया
सीधी । मध्य प्रदेश के सीधी जिले के संजय टाइगर रिज़र्व अंतर्गत ग्राम पंचायत बस्तुआ रेंज में सोमवार को जंगल में चराई के दौरान एक जंगली भालू ने अचानक ग्रामीणों पर हमला कर दिया। इस दिल दहला देने वाली घटना में तीन ग्रामीणों की जान चली गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके बाद ग्रामवासियों ने लाठियों से प्रहार कर इस भालू को मार डाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोज़ की तरह जंगल में अपनी भैंसें चरा रहे ग्रामीणों में सबसे पहले 80 वर्षीय बब्बू यादव पर भालू ने हमला किया। उनकी चीख सुनकर 70 वर्षीय दीनबंधु साहू, 27 वर्षीय मनीष साहू और 43 वर्षीय संतोष यादव उन्हें बचाने दौड़े, लेकिन भालू ने उन पर भी जानलेवा हमला कर दिया। बब्बू और दीनबंधु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल संतोष को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
अन्य घायलों में मनीष साहू, तेजबली सिंह और दो अन्य शामिल हैं, जिनका इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। कुछ की हालत अब भी गंभीर बताई जा रही है।
भालू के हमले में एक भैंस भी गंभीर रूप से घायल हुई है। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने जब शोरगुल सुना तो बड़ी संख्या में लोग जुटे और लाठी-डंडों से हमला कर भालू को मार गिराया। यह घटना वन विभाग के लिए भी मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक गंभीर चेतावनी है।
रेंजर सविता रावत (पोड़ी वन क्षेत्र) ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। मृतकों में से एक के परिजन कृष्ण चंद यादव ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।