आगरा के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में फाइनेंसर का शव मिला, हत्या या हादसा?
फतेहपुर सीकरी। थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में दूरा मोड़ (कागारौल बाईपास) रोड के पर शुक्रवार सुबह एक युवक की डेड बॉडी मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने सड़क किनारे शव को देखा, जिसके पास एक बाइक भी पड़ी हुई थी। परिवार के लोगों ने हत्या का अंदेशा जताया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह हत्या है या फिर हादसा।
-मृतक टीकरी गांव का संजू, प्राइवेट फाइनेंसर था, कैंपर गाड़ी का भी संचालन करता था
मृतक की पहचान संजू पुत्र बने सिंह निवासी गांव टीकरी के रूप में हुई है। वह प्राइवेट फाइनेंसर और ट्रांसपोर्टर था। साथ ही एक कैंपर सवारी वाहन का संचालन भी करता था। परिजनों के अनुसार, संजू गुरुवार रात घर नहीं लौटा था और उसका मोबाइल भी बंद था।
घटना की सूचना मिलते ही परिवारजन भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने हत्या की आशंका जताई। उनका कहना है कि यह कोई सड़क दुर्घटना नहीं है, क्योंकि घटनास्थल से एक्सीडेंट के कोई निशान नहीं मिले हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि संजू की हत्या कर शव को यहां फेंका गया है।
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र दहिया ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू कराई और परिवार के लोगों को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिया। पुलिस ने कहा है कि परिवार को पूरी मदद दी जाएगी और मामले की हर एंगल से जांच की जाएगी।