बरेली की लीलौर झील में नहाने उतरे किशोर का शव बाहर आया, पूरे गांव में मातम

-आरके सिंह- बरेली। बरेली जिले की ऐतिहासिक लीलौर झील में नहाने गए 14 वर्षीय छात्र जितेंद्र उर्फ भोला की डूबने से हुई मृत्यु ने परिवार और गांव को शोक में डुबो दिया। बुधवार को झील के बीच से शव बरामद हुआ, जिससे मृतक के घर में कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के लिए शव चौक भेजा गया है।

Sep 24, 2025 - 22:11
 0
बरेली की लीलौर झील में नहाने उतरे किशोर का शव बाहर आया, पूरे गांव में मातम
लीलौर झील में डूबने से मृत जितेंद्र उर्फ भोला का फाइल फोटो।

जानकारी के अनुसार, मृतक किशोर अपने गांव लीलौर बुजुर्ग के निवासी नरेश कुमार सिंह का सबसे छोटा बेटा था और गांव के ही स्कूल में कक्षा छह का छात्र था। सोमवार को दोपहर में स्कूल से लौटने के बाद वह झील किनारे गया। कपड़े उतारकर नहाने के लिए झील में उतर गया और गहरे पानी में डूब गया। उसके साथी बच्चे नौका विहार करते रहे और बाद में अपने घर चले गए। देर शाम तक वापस न लौटने पर परिवार ने तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार को ग्रामीणों ने नाव चलाकर झील में खोजबीन की और झील के बीच से शव बरामद किया।

एसडीएम आंवला विदुषी सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार मृतक के परिवार को निर्धारित अनुदान की राशि उपलब्ध करवाई जाएगी। थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है।

झील में नौकाओं की सुरक्षा की पूरी व्यवस्था नहीं थी। प्रशासन ने पर्यटन के दृष्टिकोण से नलकूपों के माध्यम से झील में जल भरकर किनारे तक पानी पहुंचाया और नावें भी डाल दीं, लेकिन न तो प्रशिक्षित चालक की व्यवस्था की गई और न ही किसी गोताखोर को रखा गया, जिससे आपात स्थिति में बचाव संभव नहीं हो सका। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने 15 अगस्त को नावों को हरि झंडी दिखाकर चालू किया था, उस समय गोताखोर तैनाती की बात कही गई थी, लेकिन वह व्यवस्था लागू नहीं हुई। पिछले महीने एक सैलानी को भी झील में खतरा हुआ था, लेकिन किसी तरह बचाया गया।

SP_Singh AURGURU Editor