आगरा के बाह क्षेत्र में महिला का शव बंद कमरे में बेड पर मिला, मौत की वजह स्पष्ट नहीं
आगरा। थाना बाह क्षेत्र के मोहल्ला पंचायत बटेश्वर में घर के अंदर बेड पर 35 वर्षीय एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला की मौत की वजह संदिग्ध परिस्थितियां हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मौके से फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य संकलन भी किया गया है।
घर के बाहर एकत्रित ग्रामीणों की भीड़।
मृतका का नाम एलम देवी बताया गया है। महिला का शव उसके घर के पहली मंजिल पर बंद कमरे में मृत अवस्था में मिला। पुलिस के अनुसार, शव कई दिनों पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतका की शादी लगभग नौ साल पहले हुई थी।
मृतका के भाई मुन्ना लाल ने बताया कि बहनोई शराब का आदी था और वह घर की कमाई शराब पर खर्च करता था। संभवतः एलम देवी का अपने पति से कल दोपहर कोई विवाद हुआ था। इसकी भनक उन्हें मिली थी। वे कल दिन भर रिश्तेदारियों में बात कर पता करते रहे, लेकिन कुछ भी जानकारी नहीं मिली। आज सुबह जब वे बहन के गांव आ रहे थे तो बहन की सास भदरौली स्थित दुकान पर मिली। भाई मुन्ना लाल सास को भी अपने साथ लेकर बहन के घर पहुंचा। बहन को दिखवाया गया। ऊपर के कमरे में दो बच्चियों को भेजा गया तो उनकी चीख निकल गई। कमरे के अंदर बेड पर एलम देवी का शव पड़ा हुआ था।
पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चलेगा। मौके पर पहुंची पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है। जो भी तहरीर आएगी, उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई करेगी।
एलम देवी का शव घर के कमरे में मिलने की सूचना मिलने पर पूरा गांव घर के बाहर एकत्रित हो गया था। गांव की महिलाओं में एक ही चर्चा थी कि आखिर एलम देवी की मौत कैसे हुई।