आगरा में दो दिन से लापता युवक का शव कुएं में तैरता मिला, गांव में छाया मातम
आगरा। जगनेर क्षेत्र के गांव सरेन्धी में दो दिन से लापता युवक टीकम सिंह का शव आज एक कुएं में तैरता हुआ मिला। इस घटना ने पूरे गांव में मातम छा गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच के लिए ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, टीकम सिंह पुत्र ओमीलाल गुरुवार देर रात खाना खाने के बाद घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शुक्रवार को परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। शाम को परिजन जगनेर थाने पहुंचकर उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने युवक की खोज शुरू की।
शनिवार तड़के गांव से करीब तीन सौ मीटर दूर एक कुएं में ग्रामीणों ने शव तैरता देखा। तुरंत आसपास के लोग एकत्रित हुए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। मृतक की पहचान लापता युवक टीकम सिंह के रूप में हुई।
मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार, टीकम का छह वर्ष पूर्व गांव अरदाया अछनेरा में विवाह हुआ था और उसके दो पुत्र नितिन व सुमित हैं।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।