विप्र समाज का एलान, अब चुप नहीं बैठेंगे, अन्याय के खिलाफ होगा संगठित आंदोलन

आगरा। रामनगर खंदौली क्षेत्र के सेमरा रोड स्थित एमजी फार्म हाउस में आयोजित ब्राह्मण सम्मेलन एवं चिंतन शिविर में ब्राह्मण समाज का आक्रोश और आत्ममंथन एक साथ देखने को मिला। दूर-दराज से पहुंचे विप्र बंधुओं ने समाज की वर्तमान चुनौतियों, एकता, युवाओं के मार्गदर्शन और अन्याय के खिलाफ संगठित संघर्ष पर खुलकर विचार रखे।

Jan 11, 2026 - 21:30
Jan 11, 2026 - 22:28
 0
विप्र समाज का एलान, अब चुप नहीं बैठेंगे, अन्याय के खिलाफ होगा संगठित आंदोलन
खंदौली में आयोजित विप्र सम्मेलन।

ब्राह्मण सम्मेलन में एकता, चिंतन और अन्याय के खिलाफ संघर्ष का संकल्प

आगरा। रामनगर खंदौली क्षेत्र के सेमरा रोड स्थित एमजी फार्म हाउस में आयोजित ब्राह्मण सम्मेलन एवं चिंतन शिविर में ब्राह्मण समाज का आक्रोश और आत्ममंथन एक साथ देखने को मिला। दूर-दराज से पहुंचे विप्र बंधुओं ने समाज की वर्तमान चुनौतियों, एकता, युवाओं के मार्गदर्शन और अन्याय के खिलाफ संगठित संघर्ष पर खुलकर विचार रखे।

सम्मेलन का शुभारंभ विधिवत सुंदरकांड के पाठ से हुआ, जिसके बाद हवन संपन्न कराया गया। इसके पश्चात आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने समाज को संगठित रखने, युवाओं को सही दिशा देने और सामाजिक अन्याय के विरुद्ध एकजुट होकर आवाज बुलंद करने की आवश्यकता पर बल दिया। सम्मेलन की अध्यक्षता सेवा निवृत्त शिक्षक श्री राम शर्मा (नगला मट्टू) ने की।

पुलिस उत्पीड़न और गुमशुदा बिटिया का मुद्दा छाया रहा

सम्मेलन में किरावली निवासी राजू शर्मा से जुड़े पुलिस उत्पीड़न का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इसके साथ ही थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र की गुमशुदा बिटिया तान्या मिश्रा का मामला भी पूरे जोर-शोर से गूंजा। वक्ताओं ने कहा कि तीन माह से अधिक समय बीतने के बावजूद आगरा पुलिस बिटिया को खोजने में असफल रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार “बेटी पढ़ाओ–बेटी बचाओ” का नारा देती है, तो जमीनी स्तर पर पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्न क्यों खड़े हो रहे हैं।

तान्या मिश्रा के परिजनों की पीड़ा, समाज ने दिया समर्थन

सम्मेलन में उपस्थित तान्या मिश्रा के परिजनों ने मंच से अपनी पीड़ा साझा करते हुए न्याय की गुहार लगाई। इस पर आगरा के समस्त ब्राह्मण समाज ने एक स्वर में समर्थन जताया और आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही डीएसपी आगरा से मुलाकात कर निर्धारित समय सीमा में गुमशुदा बिटिया को खोजने की मांग रखेंगे।

संगठनों की सहभागिता, एकजुट रहने का संकल्प

सम्मेलन में विभिन्न ब्राह्मण संगठनों ने सहभागिता कर समाजहित में एकजुट रहने और अन्याय के विरुद्ध संगठित संघर्ष का संकल्प लिया। व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी ओमप्रकाश शर्मा (दाढ़ी वाले), मनीष उपाध्याय, पवन पंडित, आनंद शर्मा, अनीष उपाध्याय और अंकित शर्मा ने संभाली। कार्यक्रम का संचालन गजेंद्र शर्मा एवं मनीष उपाध्याय ने किया।

ये रहे मौजूद

सम्मेलन में प्रमुख रूप से रमाशंकर शर्मा एडवोकेट नरेंद्र उपाध्याय, सुनील शर्मा, विनोद शर्मा, पवन समाधिया, मनोज शर्मा, नागेंद्र उपाध्याय, ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा, विष्णु प्रधान, डॉ. तरुण शर्मा, विश्वकांत मिश्रा, राजेश शर्मा, विनोद उपाध्याय (उजरई), गोपाल प्रधान, पाला शर्मा, पवन शर्मा, अरुण शर्मा सहित बड़ी संख्या में विप्र बंधु उपस्थित रहे। सम्मेलन के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया गया कि समाज की एकता ही सबसे बड़ी ताकत है और अन्याय के खिलाफ संगठित होकर संघर्ष ही न्याय का मार्ग प्रशस्त करेगा।