विवादित वेबसीरीज ‘घूसखोर पंडत’ के निर्माता और अभिनेता के खिलाफ मुकदमे के लिए आगरा में थाने पहुंचे ब्राह्मण नेता और अधिवक्ता
वेब सीरीज के माध्यम से ब्राह्मण समाज की कथित छवि खराब करने के आरोपों को लेकर आगरा में भारी विरोध देखने को मिला। ब्राह्मण समाज से जुड़े अधिवक्ताओं और समाज के नेताओं ने थाना न्यू आगरा पहुंचकर वेब सीरीज निर्माता–निर्देशक और कलाकारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
आगरा। वेब सीरीज ‘घूसखोर पंडत’ को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इसी क्रम में आज बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज से जुड़े अधिवक्ताओं एवं ब्राह्मण समाज के नेताओं ने थाना न्यू आगरा पहुंचकर थाना अध्यक्ष राजीव त्यागी को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि वेब सीरीज के निर्माता–निर्देशक नीरज पांडे, फिल्म अभिनेता मनोज बाजपेई सहित अन्य कलाकारों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि उक्त वेब सीरीज के माध्यम से ब्राह्मण समाज को घूसखोर और नकारात्मक रूप में प्रस्तुत कर समाज को बदनाम किया गया है।
अधिवक्ताओं और समाज के नेताओं ने कहा कि ब्राह्मण समाज सदियों से शिक्षा, संस्कृति, संस्कार, मार्गदर्शन और सामाजिक न्याय की परंपरा का वाहक रहा है, लेकिन किसी जाति विशेष को निशाना बनाकर इस प्रकार की फिल्म या वेब सीरीज बनाना समाज को बांटने, विद्वेष फैलाने और एक वर्ग विशेष का अपमान करने का प्रयास है, जो दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। थाना प्रभारी को बताया गया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रमाशंकर शर्मा पहले ही तहरीर भेज चुके हैं।
ज्ञापन सौंपने वालों में अधिवक्ताओं की ओर से प्रमुख रूप से वरिष्ठ अधिवक्ता अधर शर्मा, गगन शर्मा, मुकेश शर्मा, आनंद शर्मा, अनिल तिवारी, तान्या जैन, बी.एस. फौजदार शामिल रहे। वहीं ब्राह्मण समाज के नेताओं में पवन शर्मा, प्रदीप चंसौलिया, सुभाष उपाध्याय, नागेंद्र उपाध्याय, सर्वेश शर्मा, संजय शर्मा, विनय दुबे, सुमित दीक्षित, देवेंद्र दीक्षित, अमित शर्मा, प्रमोद शर्मा, शिवाजी शर्मा सहित अन्य कई पदाधिकारी और समाजसेवी मौजूद रहे।
सभी ने एक स्वर में वेब सीरीज निर्माता–निर्देशक, अभिनेता एवं अन्य कलाकारों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की और भारी रोष व्यक्त किया।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष न्यू आगरा राजीव त्यागी ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए उपस्थित लोगों को शीघ्र उचित एवं वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया।