दीपावली से पहले 11 दिन सजेगा ब्रज रज उत्सव, देशभर के शिल्प और स्वाद का होगा संगम, 23 अक्टूबर से 2 नवंबर तक धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड में आयोजन, पहली बार वृंदावन में भी होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

मथुरा। दीपावली से पहले मथुरा में 23 अक्टूबर से 2 नवंबर तक 11 दिवसीय ब्रज रज उत्सव सजेगा। धौलीप्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में होने वाले उत्सव में देश के विभिन्न राज्यों के प्रसिद्ध उत्पाद, शिल्प एवं हस्तकला के साथ खानपान और मनोरंजन के आकर्षण लोगों को देखने को मिलेंगे। उत्सव का सांस्कृतिक मंच स्थानीय कलाकारों के साथ देश के प्रख्यात कलाकारों की प्रस्तुतियों से सजेगा। इस बार उत्सव की खास विशेषता यह होगी कि पहली बार वृंदावन में भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।

Oct 5, 2026 - 21:04
 0
दीपावली से पहले 11 दिन सजेगा ब्रज रज उत्सव, देशभर के शिल्प और स्वाद का होगा संगम, 23 अक्टूबर से 2 नवंबर तक धौलीप्याऊ रेलवे ग्राउंड में आयोजन, पहली बार वृंदावन में भी होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम
लक्ष्मी नागप्पन।

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की मुख्य कार्यपालक अधिकारी लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि ब्रज रज उत्सव का आयोजन पूर्व की भांति इस बार भी धौलीप्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में किया जा रहा है। उत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, पुलिस, जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में होगा।

देशभर के शिल्प और हस्तकला को मिलेगा मंच

उत्सव स्थल पर विभिन्न राज्यों के उत्पादों की स्टॉल लगाई जाएंगी। इनमें शिल्प और हस्तकला से जुड़े उत्पादों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। इससे मथुरा आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को एक ही स्थान पर देश के अलग-अलग हिस्सों की कला और संस्कृति से परिचित होने का अवसर मिलेगा।

इसके अलावा विभिन्न विभागों की स्टॉल भी लगाई जाएंगी। इन स्टॉल के माध्यम से संबंधित विभाग अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी लोगों को देंगे।

ब्रज के स्थानीय व्यंजन होंगे खास आकर्षण

ब्रज रज उत्सव में खानपान भी प्रमुख आकर्षण रहेगा। विभिन्न जनपदों के प्रसिद्ध व्यंजनों के साथ इस बार ब्रज के स्थानीय व्यंजनों को विशेष प्राथमिकता देने की तैयारी है। इसके माध्यम से ब्रज के पारंपरिक खानपान और स्थानीय स्वाद को व्यापक पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

बच्चों और परिवारों के लिए मनोरंजन की व्यवस्था

उत्सव में बच्चों और परिवारों के लिए झूले समेत विभिन्न मनोरंजन के साधन उपलब्ध रहेंगे। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। देश के प्रसिद्ध कलाकार भी मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

पहली बार वृंदावन में भी सजेगा सांस्कृतिक मंच

इस बार ब्रज रज उत्सव का विस्तार मथुरा से वृंदावन तक किया जा रहा है। पहली बार वृंदावन स्थित स्वामी हरिदास प्रेक्षागृह में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इससे उत्सव के सांस्कृतिक स्वरूप को व्यापक मंच मिलेगा और वृंदावन भी आयोजन की गतिविधियों से सीधे जुड़ेगा।

SP_Singh AURGURU Editor