बरेली में रिश्वतखोर बाबू बेनकाब: दस हजार रुपये लेते रंगे हाथ दबोचा, खनन विभाग में खलबली
-रमेश कुमार सिंह- बरेली। भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने सोमवार को खनन विभाग में तैनात एक लिपिक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद विभाग में खलबली मच गई और आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महमूद रजा खां पुत्र स्वर्गीय नवी रजा खां, निवासी परसाखेड़ा थाना सीबीगंज, बरेली के रूप में हुई है, जो खनन अधिकारी कार्यालय में लिपिक के पद पर तैनात था।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली मंडल की ट्रैप टीम ने निरीक्षक जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की। टीम ने सोमवार दोपहर करीब 12:52 बजे खनन अधिकारी कार्यालय में आरोपी को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता वेद प्रकाश पुत्र अर्जुन सिंह, निवासी ग्राम रौठा थाना किला, बरेली ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि उसका ट्रैक्टर-ट्रॉली खनन मामले में सीज कर लिया गया था। उसे छुड़वाने और जुर्माना संबंधी पत्रावली जिलाधिकारी कार्यालय भेजने के एवज में आरोपी लिपिक द्वारा 10 हजार रुपये की मांग की जा रही थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए ट्रैप टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
निरीक्षक जितेन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली बरेली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। साथ ही मामले में आगे की जांच भी जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस तरह के भ्रष्टाचार में और कौन-कौन शामिल है।