आगरा में रंगे हाथ पकड़ा गया घूसखोर! श्रम विभाग का बाबू 15 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

आगरा। शहर के उप श्रमायुक्त कार्यालय में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब विजिलेंस टीम ने एक लिपिक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी लिपिक प्रदीप वर्मा को विजिलेंस ने 15 हजार रुपये की घूस लेते हुए दबोचा। यह कार्रवाई पीड़ित की पूर्व शिकायत पर की गई।

Jun 21, 2025 - 22:27
 0
आगरा में रंगे हाथ पकड़ा गया घूसखोर! श्रम विभाग का बाबू 15 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

सूत्रों के अनुसार, पीड़ित की एक जरूरी फाइल को प्रदीप वर्मा कई दिनों से अटका रहा था। बार-बार चक्कर कटवाने के बाद उसने स्पष्ट रूप से पैसे की मांग की। पीड़ित ने तुरंत एंटी करप्शन सेल से संपर्क किया और पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद विजिलेंस टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।

सोमवार दोपहर उप श्रमायुक्त कार्यालय में विजिलेंस टीम ने योजना के मुताबिक पीड़ित से 15 हजार रुपये दिलवाए। जैसे ही प्रदीप वर्मा ने पैसे लिए, टीम ने मौके पर ही उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाना सदर ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है।

पीड़ित की फाइल को जानबूझकर लंबित रखा गया था। फाइल आगे बढ़ाने के लिए की जा रही थी पैसों की मांग। विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से किया ट्रैप। मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद की गई।

विजिलेंस के अफसरों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया जाएगा। टीम इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं और कर्मचारियों की मिलीभगत तो नहीं थी।

SP_Singh AURGURU Editor