बरेली में धान क्रय केंद्र पर घूसखोरी का भंडाफोड़: मार्केटिंग इंस्पेक्टर सहित दो रंगे हाथ गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के बरेली में भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए धान खरीद केंद्र पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते विपणन निरीक्षक (मार्केटिंग इंस्पेक्टर) मनीष कुमार दुबे और उसके सहयोगी प्राइवेट व्यक्ति अतुल गंगवार को रंगे हाथ धर लिया। शिकायतकर्ता के पैसे लेते ही टीम ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
-आरके सिंह-
बरेली। भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) ट्रैप टीम ने सोमवार को धान क्रय केंद्र—कृषि उत्पादन मंडी समिति, बहेड़ी—में छापेमारी कर मार्केटिंग इंस्पेक्टर मनीष कुमार दुबे और उसके सहयोगी अतुल गंगवार को 10,000 रुपये की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
एंटी करप्शन टीम प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह के अनुसार, कार्रवाई दोपहर करीब 1:46 बजे की गई। टीम द्वारा पहले से लगाए गए ट्रैप में जैसे ही शिकायतकर्ता द्वारा तय रकम आरोपियों को सौंपी गई, टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
आरोपी मनीष दुबे, पुत्र कृष्णमोहन दुबे, सम्भागीय खाद्य नियंत्रण कार्यालय बरेली में तैनात है, जबकि उसका सहयोगी अतुल गंगवार एक निजी व्यक्ति है, जो कथित रूप से अवैध वसूली में उसकी मदद करता था।
यह कार्रवाई शिकायतकर्ता सुनील कुमार निवासी गांव मलकपुर, बहेड़ी की लिखित शिकायत पर की गई। सुनील ने आरोप लगाया था कि कृषि उत्पादन मंडी समिति बहेड़ी स्थित ऊतौलघर में धान तौल कराने के नाम पर उससे 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत की सत्यता जांचने के बाद एंटी करप्शन टीम ने ट्रैप प्लान किया। रकम सौंपने की पुष्टि होते ही टीम ने मौके से नकदी बरामद की, उसे सील किया और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
निरीक्षक जितेंद्र सिंह की अगुवाई में हुई इस कार्रवाई के बाद दोनों के खिलाफ थाना देवरनिया में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है। आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।