भाई बना भक्षक? क्या कैंची के वार से भाई की मौत, परिवार की चुप्पी में छिपा सच!
आगरा। रिश्तों की सबसे मजबूत कड़ी माने जाने वाले भाईचारे को उस वक्त शर्मसार होना पड़ा, जब आगरा के जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में एक भाई पर दूसरे की जान लेने का आरोप लगा। वजह, एक मामूली विवाद जो मारक हमले में बदल गया। अब सच तलाश रही है पुलिस, क्योंकि घरवाले सच छुपा रहे हैं या टाल रहे हैं।
-आगरा में घरेलू विवाद बना खूनखराबे की वजह, जांच में जुटी पुलिस
आगरा के राहुल नगर स्थित एवरग्रीन स्कूल के पास बीती रात रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात हुई। पुलिस को जानकारी मिली है कि दो सगे भाई शहजाद और रहीस के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि रहीस ने गुस्से में आकर कैंची से शहजाद के पेट में वार कर दिया।
वारदात के बाद रहीस पड़ोस के बनवारी लाल की छत कूद कर फरार हो गया, जबकि बुरी तरह घायल शहजाद को पड़ोसियों और परिजनों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अब विवाद सिर्फ हत्या का नहीं, सच और झूठ के बीच चल रही रस्साकशी का है। मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि शहजाद सीढ़ियों से गिरा था, जिससे पेट में कोना लगने से उसकी मौत हुई। जबकि मां ने बयान में कहा कि पिता मौके पर थे ही नहीं, बेटा आंगन में गिरा था। माता-पिता के विरोधाभासी बयान ने पुलिस का शक गहरा कर दिया है।
पुलिस अब पड़ोसियों, रिश्तेदारों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है ताकि असलियत सामने लाई जा सके। फिलहाल, रहीस की गिरफ्तारी और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मामला साफ हो सकेगा।