यूपी विधानमंडल का बजट सत्र शुरू, राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सपा-कांग्रेस के विधायकों ने की नारेबाजी. भड़कीं राज्‍यपाल आनंदी बेन, सीएम योगी ने हंसते हुए थपथपाई मेज

राज्‍यपाल आनंदी बेन के अभिभाषण के दौरान सपा और कांग्रेस के नेताओं ने जमकर नारेबाजी की।

Feb 9, 2026 - 13:09
 0
यूपी विधानमंडल का बजट सत्र शुरू, राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान सपा-कांग्रेस के विधायकों ने की नारेबाजी. भड़कीं राज्‍यपाल आनंदी बेन, सीएम योगी ने हंसते हुए थपथपाई मेज

लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश विधानमंडल बजट सत्र 2026-27 का आगाज सोमवार को हो गया। पहले दिन राजयपाल आनंदी पटेल के अभिभाषण के दौरान सपा और कांग्रेस सदस्‍यों ने विधानसभा में जमकर हंगामा किया। राज्‍यपाल इस पर नाराज हो गईं। उन्‍होंने कहा- 'आप लोगों के समय में यह जीरो था जीरो। पांच-सात सालों से आप लोग बस हंगामा ही कर रहे हैं। आगे भी आपका जीरो ही रहने वाला है।'

राज्‍यपाल के इतना बोलते ही बगल में बैठे विधानसभा अध्‍यक्ष सतीश महाना जोर-जोर हंसते नजर आए। साथ ही मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ समेत सत्‍ता पक्ष के तमाम मंत्री और विधायक मेज थपथपाने लगे। दरअसल, अभिभाषण के दौरान राज्‍यपाल यूपी सरकार की उपलब्धियां गिना रही थीं। इस पर सपा और कांग्रेस के विधायक नारेबाजी करने लगे।

बजट सत्र शुरू होने से पहले से ही सपा और कांग्रस सदस्‍यों का प्रदर्शन शुरू हो गया था। सपा और कांग्रेस ने एसआईआर में फॉर्म 7 के दुरुपयोग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सपा विधायक जाहिद बेग नारे लिखी तख्तियां लेकर सदन पहुंचे और लगातार नारेबाजी की।

सपा विधायकों ने यूपी विधानसभा में वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर तोड़फोड़, एसआईआर, किसानों की बदहाली, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, महंगाई जैसे तमाम मुद्दों को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया।