यूपी के उज्ज्वल भविष्य का मजबूत आधार बनेगा बजट- सीएम योगी, बीजेपी की विदाई तय - अखिलेश

लखनऊ। यूपी विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश होने से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट लिखा-" प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन में 'नया उत्तर प्रदेश' सुशासन, समावेशी विकास और जनकल्याण की नीति के साथ एक सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य के निर्माण की दिशा में निरंतर अग्रसर है। 

Feb 11, 2026 - 13:23
 0
यूपी के उज्ज्वल भविष्य का मजबूत आधार बनेगा बजट- सीएम योगी, बीजेपी की विदाई तय - अखिलेश

आज उत्तर प्रदेश विधान मंडल में प्रस्तुत वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट ‘आत्मनिर्भर-विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को नई दिशा, नई ऊर्जा, स्पष्ट नीति-दृष्टि और ठोस कार्य योजना प्रदान करेगा। साथ ही, $1 ट्रिलियन इकोनॉमी के लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में राज्य की प्रगति को सुनिश्चित करेगा। गरीब के सम्मान, युवा के स्वाभिमान, मातृ शक्ति और किसान की समृद्धि को केंद्र में रखकर प्रस्तुत यह बजट 'विकसित भारत-2047' के निर्माण एवं 'नए उत्तर प्रदेश' के उज्ज्वल भविष्य का मजबूत आधार बनेगा।


यूपी सरकार के विदाई बजट के साथ बीजेपी की भी विदाई तय- अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के बजट को लेकर सपा मुखिया अखिलेश यादव की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। सपा चीफ अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा-"यूपी सरकार के विदाई बजट के साथ बीजेपी की भी विदाई तय है।"


 जुमलों का बजट’ नहीं चलेगा- शिवपाल यादव
योगी सरकार के बजट से पहले सपा नेता शिवपाल यादव ने इसे जुमलों का बजट बताया। अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा-बजट से पहले ही जनता का हिसाब साफ है, रोजगार शून्य है, किसान कर्ज में है, नौजवान निराश है। अब ‘जुमलों का बजट’ नहीं चलेगा।

सेंट्रल बजट में उत्तर प्रदेश या अयोध्या के लिए कुछ नहीं है- अवधेश प्रसाद

उत्तर प्रदेश के बजट पर समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा हमने सेंट्रल बजट देखा है और सेंट्रल बजट में उत्तर प्रदेश या अयोध्या के लिए कुछ नहीं है। इसलिए उनका बजट भी उसी पैमाने पर होगा। इस बजट का राज्य के किसानों, युवाओं, मजदूरों, दलितों, पिछड़े वर्गों, अल्पसंख्यकों से कोई लेना-देना नहीं है। उम्मीद उसी से लगाई जाती है जो कभी उम्मीदों पर खरा उतरा हो, लेकिन ये लोग कभी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे, इनसे क्या उम्मीद की जा सकती है?

यह सरकार आंकड़ों की बाजीगरी जानती है- आराधना मिश्रा मोना
कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना ने यूपी सरकार के आज पेश होने वाले बजट पर कहा कि यह सरकार आंकड़ों की बाजीगरी जानती है। बड़े-बड़े आंकड़े का बजट ले आती है लेकिन इस साल भी कई ऐसे विभाग में जिसे 40 से 50 फीसदी बजट खर्च नहीं हो पाया। चुनावी वर्ष की बात को लेकर उन्होंने कहा कि सरकार ऐलान तो बहुत कर देती है पर उसको जमीन पर नहीं उतार पाती।

 जनता की अपेक्षाएं हैं वह निश्चित रूप से इस बजट में पूरी होंगी- स्वतंत्र देव सिंह

बीजेपी नेता भूपेंद्र सिंह चौधरी ने प्रदेश के बजट पर कहा बजट महिलाओं, गरीबों, किसानों, युवाओं को समर्पित होगा। उत्तर प्रदेश ने योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 9 वर्षों में जो विकास की यात्रा बढ़ाई है उसे प्रदर्शित करने वाला बजट होगा और जो जनता की अपेक्षाएं हैं वह निश्चित रूप से इस बजट में पूरी होंगी। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने प्रदेश के बजट पर कहा आने वाला बजट ऐतिहासिक होगा, गरीब के लिए, गांव के लिए होगा. आदिवासी, गरीब, पढ़े-लिखे लोगों, सभी के लिए होगा।