यूपी में बुलडोजर सिर्फ विपक्ष पर, सरकार के साथी बेखौफ़ - अजय राय का बरेली में बड़ा हमला

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बरेली में सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि बुलडोजर कार्रवाई अब कानून व्यवस्था का औजार नहीं, बल्कि विपक्ष और सरकार की आलोचना करने वालों को डराने-चुप कराने का हथियार बन गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थकों और कथित साझेदारों को किसी भी मामले में छुआ तक नहीं जाता, जबकि छोटे आरोपों में भी विपक्ष पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। अजय राय ने जहरीले कफ सिरप प्रकरण, महंगाई, बेरोजगारी, इंडिगो क्राइसिस और एसआईआर दबाव में बीएलओ की मौत जैसे मामलों पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया।

Dec 6, 2025 - 18:52
 0
यूपी में बुलडोजर सिर्फ विपक्ष पर, सरकार के साथी बेखौफ़ - अजय राय का बरेली में बड़ा हमला
शनिवार को बरेली के दौरे के दौरान परिनिर्वाण दिवस पर डाॊ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय।

-रमेश कुमार सिंह-

बरेली। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर शनिवार को बरेली पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि राज्य में बुलडोजर अब न्याय का प्रतीक नहीं, बल्कि सत्ता की मनमर्जी का औजार बन गया है।

अजय राय ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं, कार्यकर्ताओं और सरकार की आलोचना करने वालों पर तो बुलडोजर चलता है, लेकिन जो लोग भाजपा के समर्थक, फाइनेंसर या साझेदार हैं, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती।
उन्होंने बनारस के कथित जहरीली कफ सिरप कांड का उदाहरण देते हुए कहा कि इसमें भाजपा से जुड़े लोग शामिल रहे, फिर भी उनके खिलाफ कोई बुलडोजर नहीं चला, जबकि बच्चों की मौत के जिम्मेदार लोग खुलेआम घूम रहे हैं।

राय ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज मौजूदा सरकार संविधान को तोड़ने और बदलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने जिस संविधान से देश को दिशा दी, उसी संविधान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

अजय राय ने कहा कि देश महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था से कराह रहा है, और सरकार जवाब देने से बच रही है। इंडिगो एयरलाइंस के संचालन में आई अव्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की नाकामी का आलम यह है कि लोग अपनी शादी के रिसेप्शन में भी वर्चुअली शामिल होने को मजबूर हैं। यह बेहद शर्मनाक है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने संविधान बचाने की जो लड़ाई शुरू की है, उसमें देश का हर नागरिक उनके साथ है। कांग्रेस का हर सिपाही संविधान की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जरूरत पड़ी तो प्राणों की आहुति देने से भी पीछे नहीं हटेगा।

अजय राय ने एसआईआर प्रक्रिया पर समय बढ़ाने को ‘नाकाफी’ बताया और कहा कि बीएलओ पर असहनीय दबाव डाला जा रहा है, जिससे कई कर्मचारियों की मौत तक हो चुकी है। उन्होंने मृत बीएलओ के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी।

बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद राय बरेली के कर्मचारी नगर पहुंचे, जहां हाल ही में दिवंगत हुए अध्यापक एवं एसआईआर कर्मी अजय अग्रवाल के परिजनों से मिले। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि सरकार तत्काल आर्थिक सहायता दे और अजय अग्रवाल के पुत्र को संविदा/सरकारी नौकरी प्रदान करे। इसके बाद अजय राय बरेली से अलीगढ़ के लिए रवाना हुए।

कार्यक्रम में ज़िला अध्यक्ष, निवर्तमान शहर अध्यक्ष अजय शुक्ला, असलम चौधरी, फ़िरोज़ ख़ान, अफ़सर ख़ान, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला, अयान ख़ान, अवनीश चौबे और क़ादिर ख़ान मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor