कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर फिर चली गोलियां, गोल्डी ढिल्लों और लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
ओटावा। कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में स्थित कपिल शर्मा के कैफे पर फिर फायरिंग हुई है। एक महीने पहले इस पर फायरिंग हुई थी। इसके बाद इसे दोबारा खोला गया था। लेकिन एक महीने से भी कम समय के भीतर एक बार फिर रेस्टोरेंट पर ताबड़तोड़ गोलीबारी हुई। कपिल के कैफे पर पिछले हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित खालिस्तानी आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े लाड्डी गैंग ने ली थी।
शुरुआती रिपोर्ट की मानें, तो कपिल के कैफे पर इस बार 6 राउंड फायरिंग हुई है। इस बार दो गैंग- गुरप्रीत सिंह उर्फ गोल्डी ढिल्लों और लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके हमले की जिम्मेदारी ली। कपिल के कैफ पर पिछले हमले की जिम्मेदारी प्रतिबंधित खालिस्तानी आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े लाड्डी गैंग ने ली थी।
सोशल मीडिया पर सामने आए हमले के कथित वीडियो में कम से कम 25 गोलियां चलने की आवाज सुनी गई। इसके साथ ही गोल्ड ढिल्लों नाम के एक फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट में शेयर किया गया।
इसमें लिखा था, "जय श्री राम सत श्री अकाल... राम राम सारे भाइयों को आज जो ये कपिल शर्मा के कैप्स कैफे सुरे में फायरिंग हुई है, इसकी जिम्मेवारी मैं गोल्डी ढिल्लों और लॉरेंस बिश्नोई गैंग लेते हैं।"
पोस्ट में आगे मुंबई में भी फायरिंग की धमकी देते हुए लिखा गया, "इसको हमने कॉल की थी, इसको रिंग सुनाई नहीं दी तो कार्रवाई करनी पड़ी। अब भी रिंग नहीं सुनाई देगी, तो अगली कार्रवाई जल्द ही मुंबई में करेंगे।"
मीडिया रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि मुंबई पुलिस और दूसरी सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं।
पिछली बार जब फायरिंग हुई थी, तो कुछ कर्मचारी अभी भी अंदर मौजूद थे। हालांकि, गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ। कैफे की एक खिड़की में कम से कम 10 गोलियों के निशान पाए गए, जबकि एक दूसरी खिड़की का शीशा टूट गया था।
पिछले हफ्ते ही इस कैफे की रिओपनिंग में सरे की मेयर ब्रेंडा लॉक और स्थानीय पुलिसकर्मी भी पहुंचे थे। कपिल शर्मा ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में इस समारोह का एक वीडियो क्लिप शेयर किया और लिखा, "हम एकजुट होकर हिंसा के खिलाफ खड़े हैं।
तब खालिस्तानी आतंकवादी हरजीत सिंह लाडी, जो प्रतिबंधित गुट बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़ा है, उसने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। एनआईए के मुताबिक, लाडी भारत की मॉस्ट वांटेड लोगों की लिस्ट में है।