आगरा में सीकरी के देवनारी गांव में झगड़ा, एक युवक गोली से घायल

आगरा। थाना फतेहपुर सीकरी के देवनारी गांव में दीवार निर्माण को लेकर दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया।

Mar 30, 2025 - 13:02
Mar 30, 2025 - 14:44
 0
आगरा में सीकरी के देवनारी गांव में झगड़ा, एक युवक गोली से घायल
गोली लगने से घायल व्यक्ति को हाथों में उठाकर अस्पताल ले जाता युवक।

आगरा। फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के देवनारी गांव में दो पक्षों के बीच हुए झगड़े में एक पक्ष द्वारा गोली चलाये जाने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक तमाशबीन था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

बताया गया है कि एक पक्ष के सात-आठ युवक देवनारी में सतीश के घर पर पहुंचे। वहां राम रतन कार्य कर रहा था। यहीं दोनों पक्षों में विवाद हुआ। बात बढ़ने पर एक पक्ष ने गोली चला दी, जो वहां खड़े विनय पुत्र संजय की टांग में लगी। गोली लगने से विनय के घायल होने पर गांव में अफरा-तफरी फैल गई। 

ग्रामीणों का कहना है कि दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश है। बहोरन सिंह एडीओ पंचायत रिटायर होने के बाद आगरा रहते हैं। उनके एक भाई रामबाबू गांव में रहते हैं। रामबाबू के इंजीनियर भाई मुरारी द्वारा एक एक धर्मशाला का निर्माण कराया गया था, जिससे समाज के बीच लोगों में काफी बाद-विवाद हो गया था। 

तीन दिन पूर्व बहोरन सिंह के भाई रामबाबू की गांव के ही राम रतन में मारपीट हो गई थी, जिसकी तहरीर थाना फतेहपुर सीकरी में दी गई थी। मारपीट की खबर पर बहोरन सिंह पुत्रों के साथ गांव में पहुंचे तथा राम रतन पक्ष से वाद-विवाद बढ़ने पर गोली चला दी। 

गोली लगने से घायल विनय को स्वास्थ्य केंद्र ले लाया गया। वहां से आगरा रैफर कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक तथा पुलिस टीम द्वारा कुछ लोगों को घटनास्थल से पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।