बिहार में दूसरे चरण में भी बंपर वोटिंग, पांच बजे तक करी ब 60 फीसदी वोट पड़े

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के आखिरी चरण का आज (11 नवंबर को) शंखनाद हुआ। दूसरे और आखिरी चरण के लिए सुबह 7 बजे से बिहार की 122 सीटों पर वोटिंग शुरू हुई। दूसरे फेज में गयाजी, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, नवादा, भागलपुर, बांका, जमुई, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, कटिहार, किशनगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में शाम साढ़े पांच बजे समाचार लिखे जाने तक वोटिंग जारी है। इस समय तक करीब 68 फीसदी मतदान हो गया था, जो बिहार में एक रिकार्ड है।

Nov 11, 2025 - 18:15
 0
बिहार में दूसरे चरण में भी बंपर वोटिंग, पांच बजे तक करी ब 60 फीसदी वोट पड़े

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में लोकतंत्र के महापर्व में आज दूसरे और आखिरी चरण का मतदान जारी है। बिहार चुनाव के दूसरे चरण में 122 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होगा। गयाजी, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, नवादा, भागलपुर, बांका, जमुई, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, कटिहार, किशनगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण में 11 नवंबर को वोटिंग की जा रही है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, कुल 1,302 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1,165 पुरुष, 136 महिलाएं और एक ट्रांसजेंडर उम्मीदवार शामिल हैं। इस चरण में 3.7 करोड़ से ज्यादा मतदाता वोट डालने के पात्र हैं, जिनमें 1.95 करोड़ पुरुष और 1.74 करोड़ महिलाएं शामिल हैं।


बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान जारी है। शाम 5 बजे तक, राज्य में 67.14 फीसदी रिकॉर्ड वोटिंग दर्ज की गई है। भारी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जिसके कारण चुनाव परिणाम को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

अररिया जिले की छह विधानसभा सीटों के 2,538 मतदान केंद्रों पर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान हो रहा है, जहाँ मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। जिले की छह सीटों पर कुल 61 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पूरे जिले को 295 सेक्टर और 18 सुपर जोन में बाँटा गया है, जिसके साथ 66 कंपनी पारा मिलिट्री फोर्स और बिहार पुलिस की तैनाती की गई है। सुबह-सुबह बड़ी संख्या में महिला मतदाता भी कतारबद्ध दिखीं, जो लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी सक्रिय भागीदारी दिखा रही हैं।

लोकतंत्र के महापर्व विधानसभा चुनाव के अवसर पर, कैमूर के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-डीएम ने भभुआ विधानसभा के मतदान केंद्र संख्या-167 पर, और एसपी हरिमोहन शुक्ला ने बूथ संख्या-165 पर, सुबह 7 बजे ही पहुँचकर सबसे पहले मतदान किया। अपने मताधिकार का प्रयोग करने के बाद, डीएम और एसपी ने जिलेवासियों से निर्भीक, निष्पक्ष और उत्साहपूर्वक मतदान करने की अपील करते हुए संदेश दिया कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है, और सभी लोग 'पहले मतदान, फिर जलपान' के सिद्धांत का पालन करते हुए कैमूर को सर्वाधिक मतदान प्रतिशत वाला जिला बनाने में योगदान दें। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, सुविधाएँ और दिव्यांगों तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष प्रबंध किए हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान के दौरान नवादा जिले के वरिसलीगंज क्षेत्र में एक मतदान केंद्र के पास विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच मामूली झड़प हो गई। नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने कहा कि वोटिंग बूथ से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर विभिन्न राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच हल्की झड़प हुई। मौके पर संबंधित अधिकारी और सुरक्षा बल मौजूद हैं और मामले की जांच की जा रही है। क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और मतदान शांतिपूर्वक जारी है। उन्होंने कहा कि एक सरकारी वाहन के क्षतिग्रस्त होने की अफवाहें पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने बताया कि जो वाहन क्षतिग्रस्त हुआ है, वो निजी वाहन है और उसका चुनावी ड्यूटी से कोई संबंध नहीं है।

बिहार में महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव के पहले चरण में हुई ‘रिकॉर्ड मतदान’ ने यह संदेश दे दिया है कि राज्य की जनता को ‘नतीजा’ चाहिए, ‘जुमला’ नहीं। राजद नेता ने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर प्रशासन मतदान की रफ्तार धीमी कर सकता है, लेकिन उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे कतार में लगे रहें और वोट डाले बिना कतार छोड़कर वापस नहीं लौटें। राज्य में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान मंगलवार को शाम छह बजे तक जारी रहेगा।