बुमराह का दूसरे टेस्ट में खेलना संदिग्ध, इंग्लैंड के खिलाफ मैच दो जुलाई से
लंदन। भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 2 जुलाई से बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेला जाएगा। टीम इंडिया लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच में हार गई थी। अब उसे हर हाल में दूसरा टेस्ट जीतना होगा। हालांकि, अब यह आसान नहीं होने वाला है, क्योंकि टीम के सबसे अहम तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का दूसरा टेस्ट खेलना मुश्किल बताया जा रहा है।
रिपोर्ट्स की मानें तो वर्कलोड को देखते हुए जसप्रीत बुमराह दूसरा टेस्ट मैच नहीं खेलेंगे। भारत के लिए यह एक बड़ा झटका माना जा रहा है। खबर यह भी है कि इंग्लैंड एजबेस्टन में तेज गेंदबाजों की मददगार पिच तैयार कर सकता है। दरअसल, आमतौर पर यहां रन बन जाते हैं, लेकिन अब बुमराह के न होने की वजह से इंग्लैंड पिच पर घास छुड़वा सकता है। इससे तेज गेंदबाजों को मदद मिलेगी।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर जसप्रीत बुमराह नहीं खेलेंगे तो उनकी जगह कौन लेगा? टीम में आकाशदीप और अर्शदीप सिंह हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि लेफ्ट आर्म तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू कर सकते हैं। अर्शदीप ने भले ही भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट नहीं खेला है, लेकिन वह इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेल चुके हैं।
ऐसी भी खबर है कि भारतीय मैनेजमेंट दूसरे टेस्ट मैच में शार्दुल ठाकुर की जगह वाशिंगटन सुंदर को अंतिम ग्यारह में शामिल कर सकता है। वैसे, टीम में चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव भी मौजूद हैं, लेकिन सुंदर ऑफ स्पिनर के साथ-साथ अच्छी बैटिंग भी करते हैं। ऐसे में उनके खेलने के ज्यादा चांस हैं।
दूसरे टेस्ट में भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन- यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), करुण नायर, रवींद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर/वाशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह/जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।