वरुण गांधी को कांग्रेस में शामिल करने के लिए आगरा से उठी आवाज, राजीव गांधी बार के अध्यक्ष रमाशंकर शर्मा ने राहुल गांधी को लिखी चिट्ठी- वरुण के आने से कांग्रेस को मिलेगी नई धार, भाजपा के दुष्चक्र पर होगा प्रहार

आगरा। कांग्रेस की राजनीति में एक नया सियासी विमर्श शुरू हुआ है। राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमाशंकर शर्मा एडवोकेट ने कांग्रेस सांसद एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखकर वरुण गांधी को कांग्रेस में शामिल करने की मांग उठाई है। पत्र में उन्होंने इसे पार्टी के दीर्घकालिक हित में बताया और कहा कि ऐसा कदम कांग्रेस को राष्ट्रीय स्तर पर नई मजबूती दे सकता है।

Jan 23, 2026 - 14:01
 0
वरुण गांधी को कांग्रेस में शामिल करने के लिए आगरा से उठी आवाज, राजीव गांधी बार के अध्यक्ष रमाशंकर शर्मा ने राहुल गांधी को लिखी चिट्ठी- वरुण के आने से कांग्रेस को मिलेगी नई धार, भाजपा के दुष्चक्र पर होगा प्रहार

रमाशंकर शर्मा ने अपने पत्र में लिखा कि वह सन 1975 से कांग्रेस के समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ता रहे हैं और पार्टी हित में सुझाव देना वह अपना दायित्व मानते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भाजपा जैसी सांप्रदायिक पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों एवं कथित दुष्प्रचार के खिलाफ लगभग अकेले संघर्ष कर रहे हैं।

पत्र में शर्मा ने उल्लेख किया कि यदि वरुण गांधी को कांग्रेस में शामिल कर उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जाती है, तो पार्टी को भारी राजनीतिक ताकत मिलेगी। उन्होंने तर्क दिया कि वरुण गांधी को भाजपा में लंबे समय से उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है और वे भाजपा की जनविरोधी नीतियों व झूठे प्रचार के खिलाफ खुलकर आवाज उठाते रहे हैं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने वरुण गांधी को प्रखर वक्ता, संघर्षशील नेता और प्रभावशाली व्यक्तित्व वाला बताते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और वरुण गांधी, तीनों एक मंच पर आकर संघर्ष करें, तो भाजपा और उसके राजनीतिक दुष्चक्र को पराजित किया जा सकता है। उनका दावा है कि ऐसा गठबंधन कांग्रेस को पुनः देश की सत्ता में लाने और संप्रदायिकता के जहर से देश को बचाने में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।

रमाशंकर शर्मा ने यह भी स्पष्ट किया कि यह सुझाव उनकी निजी राय है, जो उन्होंने केवल और केवल कांग्रेस के हित को ध्यान में रखते हुए दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रस्ताव पर विचार कर यदि कोई सकारात्मक कदम उठाया जाता है, तो इससे कांग्रेस और अधिक मजबूत होकर सामने आएगी।

SP_Singh AURGURU Editor