यमुना एक्सप्रेस वे पर धू-धू कर जली कार, दो भाई बाल-बाल बचे
आगरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर खंदौली के पास आज तड़के कार में आग लगने से दो भाई बाल-बाल बच गए। कार में धुआं उठते देख ये दोनों भाई समय रहते बाहर आ गए थे।
मध्य प्रदेश के भिंड जिले के एतवार गांव के रहने वाले दो भाई विष्णु अपने चचेरे भाई नीतिराम के साथ किसी काम से दिल्ली जा रहे थे। रात में जब इनकी स्विफ्ट गाड़ी खंदौली थाना क्षेत्र से गुजर रही थी कि इन्होंने गाड़ी से धुआं उठते देखा। खतरा भांपकर दोनों भाई तुरंत कार से बाहर निकल आए।
इन दोनों भाइयों द्वारा यह चेक ही किया जा रहा था कि कार की डिक्की से धुआं क्यों उठ रहा है, तभी अचानक कार में आग लग गई। एक धमाका भी हुआ, जिससे दोनों भाई दूर हट गए। इसके बाद कार धू-धू कर जलने लगी। एक्सप्रेस वे पर गश्त करती पुलिस की एक गाड़ी ने कार जलती देखी तो टोल प्लाजा पर सूचना देकर फायर ब्रिगेड की गाड़ी को मौके पर बुलाया और जलती कार की आग बुझाई।
एक्सप्रेस वे से जली कार को क्रेन से उठवाकर एक तरफ करवाया गया ताकि यातायात अवरुद्ध न हो। कार में आग लगने से दोनों भाई इतने भयभीत थे कि उनके होश उड़े हुए थे। बार-बार यही सोच रहे थे कि अगर थोड़ी देर और कार से न निकलते तो वे भी हादसे का शिकार हो सकते थे।
जांच में पता चला कि इस कार में सीएनजी किट को डिक्की में फिट कराया गया था। सीएनजी किट में ही आग लगने से कार जली। जब कार जल रही थी तो एक्सप्रेस से गुजरते दूसरे वाहन भी सावधानी के साथ वहां से गुजर रहे थे।